विधायक देवेंद्र समेत 17 कांग्रेसियों पर FIR:बेमेतरा में मंत्री को मृत बताकर निकाली थी शव-यात्रा, यादव बोले- हम डरने वालों में से नहीं




छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। विधायक और युवा कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार 9 मई को नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के झिरिया गांव में प्रदर्शन किया था। इस दौरान कथित रूप से 300 से अधिक गौवंशों की मौत के मामले को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मंत्री की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली थी। इस मामले ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के बेटे और जिला पंचायत सदस्य अंजय उर्फ अंजू बघेल ने चंदनू थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं इस मामले पर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि ये लोग ताकतवर हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाने पर तुरंत FIR कर दी जाती है, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। अब जानिए पूरा मामला दरअसल, शुक्रवार 9 मई को जिला युवा कांग्रेस ने ग्राम झिरिया में प्रदर्शन करते हुए प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन पर संवेदनहीनता और कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया। युवा कांग्रेस नेताओं ने गौवंशों की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। जिला युवा कांग्रेस महासचिव और जनपद सदस्य दीपक दिनकर गौवंशों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पिछले 9 दिनों से अनशन पर बैठे हुए थे। इसी मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस लगातार आंदोलन कर रही थी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीन प्रतीकात्मक शवों का अंतिम संस्कार भी किया। युवा कांग्रेस ने इस पूरे मामले के लिए खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम और गौ सेवा आयोग अध्यक्ष विशेश्वर पटेल को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। खाद्य मंत्री के बेटे ने थाने में की शिकायत इस मामले में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के बेटे और जिला पंचायत सदस्य अंजय उर्फ अंजू बघेल ने चंदनू थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ राजनीतिक और स्थानीय लोगों ने उनके जीवित पिता को मृत बताकर शोक पत्र छपवाया, प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली, जिससे धार्मिक भावनाओं और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। शिकायत के अनुसार, 9 मई 2026 को ग्राम झिरिया बाजार चौक में एकत्र होकर मंत्री दयालदास बघेल को मृत घोषित करते हुए शोक सभा, मौन धारण और प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग को भी रोक दिया गया, जिससे आवाजाही बाधित हुई। साथ ही, मंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 17 कांग्रेसी नेताओं पर FIR दर्ज पुलिस ने मामले में कुल 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें प्रमुख रूप से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे और कविता प्राणलहरे समेत अन्य कांग्रेसी नेताओं के नाम शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने रिपोर्ट में मोहन लालवानी, सीमा साहू, सोनू मानिकपुरी, राजेश्वरी कश्यप, सुनील माहेश्वरी, सुमित राय, अजय साहू, लकी नेताम, सुबोध डोंगरे, योगेश साहू, सुमीत दास, संदीप गायकवाड़, विकास और राहुल का भी नाम दर्ज किया है। देवेंद्र यादव बोले- हम डरने वालों में से नहीं इस मामले पर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कहा, ये लोग ताकतवर हैं। इसलिए जो भी इनके खिलाफ आवाज उठाता है, उस पर तुरंत FIR कर दी जाती है। लेकिन हम डरने वालों में से नहीं हैं। गौरतलब है कि ग्राम झिरिया में गौवंशों की मौत को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार सरकार पर हमलावर हैं। वहीं अब प्रतीकात्मक शव यात्रा को लेकर दर्ज FIR ने इस पूरे मामले को राजनीतिक विवाद के साथ कानूनी रंग भी दे दिया है। ………………….. कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… सरकारी अस्पतालों की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन:CMO ऑफिस किया घेराव, पुलिस बल तैनात, स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने की मांग रायपुर में सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं की खराब स्थिति का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने CMO कार्यालय का घेराव कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पढ़ें पूरी खबर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *