सराफा व्यापारियों की सुरक्षा पर पुलिस अलर्ट:बुरहानपुर CCTV और अलार्म सिस्टम अनिवार्य करने पर जोर; पुलिस और व्यापारियों की बैठक




बुरहानपुर में सराफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर बुधवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई। कोतवाली थाना प्रभारी नीता देअरवाल ने सराफा एसोसिएशन और व्यापारियों के साथ चर्चा की। बैठक में शहर के प्रमुख सराफा व्यापारी और व्यापारी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, चोरी और ठगी की घटनाओं पर रोक लगाना तथा पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय मजबूत करना था। CCTV और अलार्म सिस्टम लगाने पर जोर
बैठक में सभी सराफा दुकानों पर उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाने और उन्हें नियमित रूप से चालू रखने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों से दुकानों में इमरजेंसी अलार्म सिस्टम लगाने को भी कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचना मिल सके। पुलिस ने व्यापारियों से संदिग्ध गतिविधियों और अपरिचित व्यक्तियों की जानकारी तत्काल साझा करने की अपील की। त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए पुलिस और व्यापारियों का संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का सुझाव भी दिया गया। कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन की सलाह
बैठक में दुकानों में आने-जाने वाले कर्मचारियों और नए स्टाफ का पुलिस सत्यापन कराने की सलाह दी गई। व्यापारियों को अधिक मात्रा में नकदी लेकर अकेले आवागमन नहीं करने और बैंक लेनदेन में सावधानी बरतने के प्रति जागरूक किया गया। दुकान बंद करते समय सुरक्षा उपायों का पालन करने और रात में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। व्यापारियों को नकली सोना गिरवी रखने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव संबंधी जानकारी भी दी गई। बाजार में बढ़ेगी पुलिस गश्त
व्यापारी संघ ने सुझाव दिया कि यदि किसी अन्य जिले या राज्य की पुलिस कार्रवाई के लिए बुरहानपुर आती है, तो इसकी जानकारी व्यापारी संघ को भी दी जाए, ताकि आवश्यक सहयोग किया जा सके। पुलिस ने बाजार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वस्तुओं या संदिग्ध वाहनों की सूचना तत्काल डायल 112 या स्थानीय पुलिस को देने की अपील की। साथ ही बाजार क्षेत्र में समय-समय पर पैदल गश्त और रात्रि भ्रमण बढ़ाने का आश्वासन दिया। बैठक में सराफा संघ से सौरभ श्रॉफ, संतोष श्रॉफ, उपेन्द्र श्रॉफ, दिलीप श्रॉफ, आरसी बाफना, ऋषभ जैन समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *