![]()
मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा जिला पदाधिकारियों को आमंत्रित कर बैठक की। बैठक में भाजपा नेताओं ने जिले की प्रमुख समस्याएं उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे एवं जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने आम आदमी से जुड़े मुद्दे उठाए। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने आरटीओ कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने उप मुख्यमंत्री को बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर RTO कार्यालय में खुलेआम दलाली चल रही है। बिना सुविधा शुल्क के आम आदमी का काम नहीं होता। फिटनेस के नाम पर हो रही अवैध वसूली जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बैठक में उप मुख्यमंत्री को बताया कि मथुरा का वाहन फिटनेस सेंटर आगरा शिफ्ट कर प्राइवेट कंपनी को दे दिया गया है। इससे वाहन स्वामियों को 60 किमी दूर जाना पड़ रहा है और फिटनेस के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। परिवहन विभाग के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं वह भाजपा कार्यकर्ताओं की ही नहीं सुनते तो आम आदमी की क्या सुनते होंगे। बैठक में ये समस्याएं भी बताई गई बैठक में भाजपा नेताओं ने उप मुख्यमंत्री से कहा कि जिले में आधार बनवाने या सुधार में भारी दिक्कत है। पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बन रहे। पात्र बुजुर्गों की पेंशन महीनों से लंबित है। पूर्व राज्य मंत्री रविकांत गर्ग ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की सड़कें समय-सीमा में पूरी नहीं हो रही हैं। जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। मन माफिक ठेकदारों को टेंडर दिए जा रहे हैं। श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि सड़क बन गई पर फुटपाथ नहीं बने। ऊंचे-नीचे गैप से रोज हादसे हो रहे हैं। हाल में रिक्शा पलटने से एक व्यक्ति का हाथ टूट गया। कार्यकर्ताओं व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पात्र लोगों को शस्त्र लाइसेंस देने की प्रक्रिया सरल की जाए। RTO में दलाली का खेल हो बंद जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा यह आम आदमी की सरकार है, व्यापारियों की सरकार है। RTO की दलाली और फिटनेस सेंटर का खेल बंद होना चाहिए। जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव ने कहा उपमुख्यमंत्री ने खुद बैठक बुलाकर हमारी बात सुनी। उन्होंने 15 दिन में कार्रवाई का भरोसा दिया है। उप मुख्यमंत्री ने DM, SSP, PWD, नगर निगम व समाज कल्याण विभाग को संयुक्त कैंप लगाकर समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। यह रहे मौजूद बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व राज्य मंत्री रविकांत गर्ग, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव, जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, महामंत्री सतपाल चौधरी, महामंत्री आकाश चौधरी, महामंत्री अमन ठाकुर, ज्ञानेन्द्र, श्रीमती सुषिला, श्रीमती मनीषा पाराशर, श्रीमती निर्मला सिंह बघेल, श्रीमती रेखा निषाद, रणवीर, सुरेश तरकर, विक्रम सिंह, अजय परखम, ओमप्रकाश सैनी, वीरचन्द्र गुर्जर आदि मौजूद रहे।
Source link
भाजपा नेता ने RTO में भ्रष्टाचार का उठाया मुद्दा:डिप्टी सीएम के सामने कहा खुलेआम चल रही दलाली,फिटनेस सेंटर को आगरा शिफ्ट करने पर जताई नाराजगी















Leave a Reply