![]()
मेरठ एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मारे गए कुख्यात बदमाश जुबैर के पोस्टमार्टम के दौरान बुधवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। जुबैर का शव लेने पहुंची उसकी बहन ने गुस्से में कहा- “एक शेर चला गया तो क्या हुआ, अभी दो शेर जिंदा हैं। देखते जाओ अब कितनी लाश उठेंगी।” इस बयान के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी भी सतर्क हो गए। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर अलीगढ़ रवाना हो गए। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज परिसर और पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भारी फोर्स तैनात की थी। परिजनों और समर्थकों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। वहीं सोशल मीडिया पर भी जुबैर के एनकाउंटर और उसकी बहन के बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पश्चिमी यूपी में सक्रिय था जुबैर अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र का रहने वाला जुबैर लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय बताया जा रहा था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय अपराधियों के संपर्क में था और कई मामलों में वांछित चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक मेरठ एसटीएफ को सूचना मिली थी कि जुबैर अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी इनपुट पर एसटीएफ और पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि घिरने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भड़काऊ बयानों पर पुलिस की नजर एनकाउंटर के बाद पुलिस अब जुबैर के नेटवर्क और उसके फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर दिए जा रहे भड़काऊ बयानों की निगरानी की जा रही है। किसी को भी माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Source link
एनकाउंटर के बाद भड़की जुबैर की बहन:बोली- एक शेर गया तो क्या, अभी दो जिंदा हैं; बयान के बाद अलर्ट पर पुलिस














Leave a Reply