संदला उपार्जन केंद्र पहुंचे विधायक प्रताप ग्रेवाल:तुलाई में देरी पर जताई नाराजगी; कांटे, हम्माल, बारदान बढ़ाने के निर्देश दिए




सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने गुरुवार को संदला वेयरहाउस स्थित राजोद एवं संदला सहकारी संस्था के गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान किसानों ने विधायक को बताया कि 7 मई को टोकन मिलने के बावजूद तौल कांटे और हम्मालों की कमी के कारण अब तक गेहूं की तुलाई नहीं हो सकी है। इससे किसानों को प्रतिदिन ट्रैक्टर किराए के रूप में लगभग एक हजार रुपए का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। किसानों ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि कई दिनों से उपार्जन केंद्र पर इंतजार करने से उन्हें आर्थिक नुकसान और असुविधा हो रही है। किसानों की समस्या सुनने के बाद विधायक प्रताप ग्रेवाल ने मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार प्रशस्तिसिंह जमरा, सरदारपुर वेयरहाउस प्रभारी मुकेश मित्तल और उपार्जन केंद्र प्रभारी दिलीप वैष्णव को तत्काल तौल कांटे, हम्माल और बारदानों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से किसानों की तुलाई समय पर कराने और व्यवस्थाओं में सुधार करने को कहा। इस दौरान किसानों ने उपार्जन केंद्र पर पेयजल और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की शिकायत भी विधायक से की। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को पानी और छांव सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष पुष्पेंद्रसिंह राठौर, एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष अरविंद जाट, सेवादल कांग्रेस के भारत वीर, मोहित जाट, श्रवण जाट, जयंतीलाल जाट और राहुल जाट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *