ठग की तलाश में छत से घर में घुसी पुलिस:करेरा में दबिश का CCTV वायरल, एसडीओपी बोले- विभाग को बदनाम करने की कोशिश




शिवपुरी जिले के करेरा कस्बे में साइबर ठगी के एक फरार आरोपी की तलाश में पहुंची पिछोर थाना पुलिस का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में पुलिसकर्मी सीढ़ी लगाकर एक मकान की छत पर चढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले पर अपना पक्ष रखा है। आज (शुक्रवार) पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि यह वायरल वीडियो करेरा क्षेत्र का है। पुलिस साइबर ठगी के मामले में फरार आरोपी दशरथ लोधी की तलाश में दबिश देने पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी देवेंद्र लोधी के मकान में छिपा है। पुलिस ने काफी देर तक मकान का गेट खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन गेट नहीं खोला गया।
सीढ़ी लगाकर मकान में पहुंची पुलिस
इसके बाद आमजन की मदद से सीढ़ी लगाकर पुलिस मकान के अंदर पहुंचने का प्रयास कर रही थी। एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि वीडियो में पुलिस द्वारा किसी के साथ अभद्रता या मारपीट नहीं की गई है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया था। एसडीओपी शर्मा ने आरोप लगाया कि मकान मालिक देवेंद्र लोधी ने अपने घर के सीसीटीवी फुटेज वायरल कर पुलिस विभाग को बदनाम करने का प्रयास किया है। ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठगी करते थे
जानकारी के अनुसार, पिछोर पुलिस ने 15 मार्च को कछौआ के जंगल से साइबर ठगी गिरोह के तीन आरोपियों चंद्रशेखर लोधी, ठाकुर लोधी और भोला लोधी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी फर्जी मोबाइल सिम और नकली अरेस्ट वारंट का इस्तेमाल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताते थे और ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। इसी मामले में दशरथ लोधी को भी आरोपी बनाया गया था, जो तभी से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इसी क्रम में पुलिस करेरा स्थित देवेंद्र लोधी के मकान पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि देवेंद्र लोधी की कुछ साल पहले तक आर्थिक स्थिति सामान्य थी, लेकिन कम समय में उसने मकान और अन्य संपत्तियां खड़ी कर ली हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *