हांसी/चंडीगढ़.
शहर के चर्चित रेड जिम संचालक कपिल रेड्डू हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात गांव पुठी मंगल खां के पास सीआईए-2 की टीम और हत्या के मामले में वांछित आरोपित रोहित के बीच मुठभेड़ हुई।
जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस वाहन पर भी गोली लगने की सूचना है। घायल आरोपित को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, भिवानी जिले के गांव भुरटाना निवासी रोहित किसी काम से पुठी मंगल खां की ओर जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर कप्तान सिंह के नेतृत्व में सीआईए-2 की टीम ने उसकी घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपित ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
आरोपी रोहित की थी अहम भूमिका
सूत्रों के मुताबिक, 11 जून को फव्वारा चौक के पास हुई कपिल रेड्डू की हत्या की साजिश में रोहित की अहम भूमिका सामने आई है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि उसने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार उपलब्ध कराने के साथ-साथ कपिल रेड्डू की रेकी भी की थी। इसके अलावा उसका संपर्क इस मामले के मुख्य आरोपित सुंदर से भी बताया जा रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं का खुलासा करने में जुटी है।
कपिड रेड्डू की गोलियां मारकर की थी हत्या
गौरतलब है कि 11 जून की सुबह फव्वारा चौक के समीप बाइक सवार बदमाशों ने कपिल रेड्डू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में इससे पहले करीब 15 दिन पूर्व हिसार निवासी दो मुख्य आरोपित प्रवेश और हिमांशु हरियाणा एसटीएफ तथा दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बहादुरगढ़ के पास हुई मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक खुलासा किया जाना अभी बाकी है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड से जुड़े अहम तथ्यों का पर्दाफाश किया जा सकता है।















Leave a Reply