![]()
बड़वानी जिले की सिलावद पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व हुए अंधेकत्ल का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड का राज एक ‘लाल गमछे’ से खुला। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। सिलावद थाना प्रभारी रामकृष्ण लौवंशी ने शुक्रवार शाम 6.30 बजे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 7 मई को थाना सिलावद क्षेत्रांतर्गत ग्राम केली के पटेलफल्या के पास एक बाइक दुर्घटना के बाद गंगाराम (40 वर्ष, निवासी पोखलिया) की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाने की घटना सामने आई थी। मृतक के भाई बाहलिया बारेला (निवासी खिरनीफल्या पोखलिया) की सूचना पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया था कि गंगाराम सुबह करीब 7 बजे बाइक से अपने ससुराल ग्राम चारणखेड़ा गया था। कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि ग्राम केली के पास उसका एक्सीडेंट हो गया है और वह नाले के पास एक पलाश के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है। सूचना पर सिलावद थाने में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के गले में मिला किसी ओर का गमछा थाना प्रभारी रामकृष्ण लौवंशी ने बताया कि जांच के दौरान परिजनों ने जानकारी दी कि मृतक के पास सफेद गमछा था, जबकि उसे लाल गमछे से फांसी लगाई गई थी। यह गमछा मृतक का नहीं था। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा एएसपी धीरज बब्बर व एसडीओपी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामकृष्ण लौवंशी द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। वैज्ञानिक अधिकारी सुनील मकवाना (खरगोन) के मार्गदर्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी। नाबालिग ने फंदे से लटकाया जांच में सामने आया कि घटना के समय बाइक की टक्कर के बाद विवाद हुआ। इसके बाद आरोपियों ने गंगाराम का पीछा किया, उसे धमकाया और पत्थर मारे। डरकर गंगाराम एक पलाश के पेड़ पर चढ़ गया। इसी दौरान एक बाल अपचारी ने लाल गमछे से उसके गले में फंदा डालकर उसे पेड़ से लटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। चार नाबालिग समेत पांच गिरफ्तार पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू पिता गुलाब जाति बारेला निवासी डोंगरगांव सहित चार बाल अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि रामकृष्ण लौवंशी, उनि अय्यूब शेख, सउनि सुरेश पाटीदार, राकेश मालवीय, प्रआ इसराम डावर, राकेश, ईश्वरसिंह, राजमलिसिंह, यशवंत यादव, आरक्षक सुनील, पारसिंह तथा सावन की सराहनीय भूमिका रही।
Source link
लाल गमछे ने खोला अंधेकत्ल का राज:सिलावद पुलिस ने 4 नाबालिगों सहित 5 आरोपी किए गिरफ्तार















Leave a Reply