- Hindi News
- International
- Iran US War Ceasefire LIVE Update; Donald Trump Vs Tehran Nuclear Program | Hormuz Strait Islamabad
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने को लेकर अगले हफ्ते पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में फिर बातचीत शुरू हो सकती है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देश मध्यस्थों के जरिए एक समझौता ड्राफ्ट पर काम कर रहे हैं, जिससे एक महीने तक चलने वाली औपचारिक वार्ता का रास्ता खुल सकता है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका की तरफ से प्रस्तावित 14 बिंदुओं वाले ड्राफ्ट में ईरान के परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज स्ट्रेट में तनाव कम करने और ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम भंडार को किसी दूसरे देश भेजने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्हें ईरान की तरफ से जल्द जवाब मिलने की उम्मीद है। अगर बातचीत आगे बढ़ी तो सीजफायर को और लंबा किया जा सकता है।
साथ ही अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम या हाईली एनरिच्ड यूरेनियम पर कोई समझौता नहीं करेगा।

पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच 11-12 अप्रैल को इस्लामाबाद में पहले दौर की बातचीत हुई थी। 21 घंटे तक यह वार्ता चलने के बावजूद नाकाम हो गई थी।

दूसरे दौर की बातचीत के लिए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची 24 अप्रैल को इस्लामाबाद पहुंचे थे। लेकिन राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया था।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
1. ईरान बोला- होर्मुज में दखल दिया तो जंग फिर शुरू होगी: ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी कि अगर उसने होर्मुज स्ट्रेट में फिर दखल दिया तो क्षेत्र में दोबारा युद्ध शुरू हो सकता है।
2. अमेरिका का दावा- 70 से ज्यादा जहाजों को रोका: US सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि उसने 70 से ज्यादा जहाजों को ईरानी बंदरगाहों तक पहुंचने या वहां से निकलने से रोका। अमेरिका के मुताबिक इन जहाजों में 13 अरब डॉलर से ज्यादा कीमत का तेल ले जाने की क्षमता थी।
3. UAE पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का दावा: UAE ने कहा कि ईरान ने 2 बैलिस्टिक मिसाइल और 3 ड्रोन दागे, जिन्हें एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में नष्ट कर दिया। हमले में 3 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई।
4. ईरान-अमेरिका के बीच 30 दिन के समझौते पर चर्चा: रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देश 30 दिन तक संघर्ष रोकने और होर्मुज स्ट्रेट को व्यापारिक जहाजों के लिए खोलने के प्रस्ताव पर बातचीत कर रहे हैं। परमाणु कार्यक्रम और एनरिच्ड यूरेनियम अभी सबसे बड़ा विवाद बना हुआ है।
5. होर्मुज संकट से तेल और सोने की कीमतों में उछाल: होर्मुज स्ट्रेट में तनाव बढ़ने के बाद ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। वहीं अमेरिका-ईरान समझौते की उम्मीद से सोने की कीमतों में तेजी देखी गई।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरान युद्ध से चीन का तेल आयात 20% घटा
ईरान युद्ध का असर अब चीन की ऊर्जा सप्लाई पर भी दिखने लगा है। अप्रैल में चीन का कच्चे तेल का आयात 20% गिर गया। हॉर्मुज स्ट्रेट में तनाव बढ़ने से तेल टैंकरों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
चीन के कस्टम डेटा के मुताबिक अप्रैल में देश ने 3.85 करोड़ मीट्रिक टन कच्चा तेल आयात किया। यह पिछले साल के मुकाबले 20% कम है। यह स्तर जुलाई 2022 के बाद सबसे कम बताया गया है। चीन अपनी जरूरत का करीब आधा कच्चा तेल मध्य पूर्व से खरीदता है।
रिपोर्ट के मुताबिक हॉर्मुज स्ट्रेट में संकट और समुद्री रास्तों पर तनाव बढ़ने के कारण तेल और रिफाइंड प्रोडक्ट ले जाने वाले जहाजों की संख्या घट गई है।
शिप ट्रैकिंग कंपनी Kpler के आंकड़ों के मुताबिक समुद्री रास्ते से चीन का कच्चे तेल का आयात घटकर 80.3 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया। यह भी जुलाई 2022 के बाद सबसे कम स्तर है। अप्रैल में चीन का प्राकृतिक गैस आयात भी 13% गिरकर 84.2 लाख टन रह गया।
हालांकि पूरे साल के पहले चार महीनों को देखें तो चीन का कुल तेल आयात अब भी पिछले साल से 1.3% ज्यादा है। जनवरी से अप्रैल के बीच चीन ने 18.53 करोड़ टन कच्चा तेल आयात किया।
32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दक्षिणी लेबनान में इजराइली ड्रोन हमला, एक व्यक्ति की मौत
दक्षिणी लेबनान के नबाटीह शहर में इजराइली ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई।
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पिता और बेटी मोटरसाइकिल पर सवार थे।
इसी दौरान अल-सबाह हाई स्कूल के पास उन पर पहला ड्रोन हमला किया गया। इसके बाद दो और ड्रोन हमले हुए। रिपोर्ट के अनुसार, घायल बेटी का नबाटीह के एक अस्पताल में ऑपरेशन चल रहा है।
43 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एक्सपर्ट बोले- इजराइल हिजबुल्लाह को पूरी तरह खत्म नहीं कर सकता
इजराइल और लेबनान के बीच संभावित शांति वार्ता को लेकर पॉलिटिकल एक्सपर्ट रानिया खालेक ने कहा है कि फिलहाल इन बातचीतों में ज्यादा ठोस बात नजर नहीं आ रही है।
अल जजीरा से बातचीत में खालेक ने कहा कि इजराइली सरकार यह समझती है कि लेबनान की सरकार हिजबुल्लाह को हथियार छोड़ने के लिए मजबूर नहीं कर सकती। इजराइली सेना भी हिजबुल्लाह को पूरी तरह खत्म नहीं कर सकती।
खालेक के मुताबिक, इजराइल लेबनान में तबाही मचा सकता है, लेकिन हिजबुल्लाह को पूरी तरह निशस्त्र करना संभव नहीं है।
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ट्रम्प इन वार्ताओं को सिर्फ एक फोटो-ऑप की तरह इस्तेमाल करना चाहते हैं। उनका मकसद दुनिया के सामने यह दिखाना हो सकता है कि उन्होंने इजराइल और लेबनान के बीच शांति कराई।
हालांकि, खालेक का कहना है कि जब तक इजराइल लेबनान के कुछ हिस्सों पर कब्जा बनाए रखेगा और बमबारी जारी रखेगा, तब तक जमीन पर असली शांति नहीं आ सकती।
09:06 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के मिनाब स्कूल हमले की जांच की मांग
यूरोपीय संसद के एक सदस्य ने ईरान के मिनाब शहर में हुए स्कूल हमले की जांच की मांग की है। इस हमले में दर्जनों बच्चों की मौत हुई थी। सांसद का कहना है कि यह हमला जानबूझकर किया गया हो सकता है।
अल जजीरा के मुताबिक, ब्रसेल्स में ईरानी दूतावास के बाहर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में यूरोपीय सांसद मिलान उहरिक ने कहा कि इतने बड़े स्तर का हमला पहले से योजनाबद्ध लगता है और इसकी तुरंत निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
“एंजेल्स ऑफ मिनाब” नाम से आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में करीब 50 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और ईरान के लोगों के प्रति एकजुटता जताई।
ईरान के मुताबिक, 28 फरवरी को मिनाब में लड़कियों के एक प्राथमिक स्कूल पर हुए हमले में 175 लोगों की मौत हुई थी। इनमें 168 छात्राएं थीं, जबकि 95 लोग घायल हुए थे।
08:59 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज स्ट्रेट से जुड़ी अहम घटनाएं
4 मार्च: ईरान ने हॉर्मुज पर कंट्रोल की घोषणा की और कहा कि यह रास्ता उसके दुश्मनों के लिए बंद हो चुका है।
8 अप्रैल: अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर पर सहमति बनी, लेकिन ईरान ने होर्मुज को बंद ही रखा। उसने आरोप लगाया कि इजराइल अब भी लेबनान में हमले कर रहा है।
13 अप्रैल: पाकिस्तान में शांति वार्ता बिना किसी समझौते के खत्म हो गई। इसके बाद अमेरिका ने भी होर्मुज के दूसरे तरफ नाकेबंदी शुरू कर दी।
2 मई: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करने का ऐलान किया, जिसका मकसद होर्मुज में फंसे जहाजों को सुरक्षा देकर निकालना है।
4 मई: प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू। अमेरिकी नेवी ने होर्मुज से जहाजों को सुरक्षित निकालना शुरू किया। नाराज ईरान ने जहाजों पर हमले किए।
5 मई: राष्ट्रपति ट्रम्प ने प्रोजेक्ट फ्रीडम बंद करने का ऐलान किया। अमेरिका 2 दिन में सिर्फ 3 जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित कर पाया।
8 मई: ट्रम्प ने बताया कि ईरान ने अमेरिकी जंगी जहाजों पर हमला किया, जिसके बाद दोनों देशों के जहाजों के बीच फायरिंग हुई।

08:14 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
खाड़ी में फंसे हजारों नाविक मानसिक तनाव से जूझ रहे
समुद्री कर्मचारियों से जुड़ी कई संस्थाओं ने चेतावनी दी है कि खाड़ी क्षेत्र में दो महीने से ज्यादा समय से फंसे करीब 20 हजार से ज्यादा नाविक भारी मानसिक तनाव और अकेलेपन का सामना कर रहे हैं।
जारी संघर्ष के कारण जहाजों के कप्तान, रसोइए, इंजीनियर और दूसरे कर्मचारी न सिर्फ फंस गए हैं, बल्कि कई बार सीधे हमलों के खतरे में भी आ गए हैं। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के मुताबिक, अब तक कम से कम 11 नाविकों की मौत हो चुकी है।
ब्रिटेन की नाविक सहायता संस्था सेलर्स सोसाइटी के संकट प्रतिक्रिया प्रमुख गेविन लिम ने AFP को बताया कि उन्होंने ऐसे जहाज के कर्मचारियों से बात की, जिस पर हमला हुआ था।
उन्होंने बताया कि नाविक लगातार ड्रोन और मिसाइलों को उड़ते देख रहे हैं और कई मामलों में जहाजों को निशाना बनते भी देख चुके हैं।

07:45 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका के प्रस्ताव पर अपने हिसाब से फैसला करेंगे
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा है कि अमेरिकी प्रस्ताव अभी समीक्षा के दौर में है और उचित समय पर इसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम अमेरिका की समय सीमा नहीं मानते, ईरान अपना काम अपने तरीके से करेगा।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने पत्रकारों से बात करते हुए उम्मीद जताई थी कि ईरान अमेरिका के प्रस्ताव पर अपना जवाब शनिवार तक देगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, जवाब में देरी की एक बड़ी वजह यह है कि प्रस्ताव का ड्राफ्ट बेहद तकनीकी है। प्रस्ताव की समीक्षा की प्रक्रिया में संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ की अगुवाई वाली वार्ता टीम, IRGC और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद शामिल हैं।
आखिर में ईरान के सुप्रीम लीडर की मंजूरी भी जरूरी होगी, तभी अमेरिका को अंतिम जवाब भेजा जाएगा। इसी वजह से प्रक्रिया में समय लग रहा है, हालांकि जवाब कभी भी आ सकता है।
06:52 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
रूस ने अमेरिका और बहरीन से UN प्रस्ताव वापस लेंने को कहा
रूस ने अमेरिका और बहरीन से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में लाए गए उस ड्राफ्ट प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की है, जिसमें ईरान से होर्मुज स्ट्रेट में अपनी घेराबंदी खत्म करने को कहा गया है।
अल जजीरा के मुताबिक, रूसी उप विदेश मंत्री अलेक्जेंडर अलीमोव ने कहा कि मॉस्को इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं कर सकता।
अलीमोव ने कहा, “हम अमेरिका-बहरीन और ड्राफ्ट के सह-प्रस्तावकों से इसे वापस लेने और जल्दबाजी में फैसला न करने की अपील करते हैं, क्योंकि फिलहाल हमें इस दस्तावेज में कोई संभावना नजर नहीं आती।”
उन्होंने बताया कि रूस और चीन की ओर से लाए गए दूसरे ड्राफ्ट प्रस्ताव में युद्ध खत्म करने, बल प्रयोग से बचने और बातचीत के जरिए मतभेद सुलझाने की अपील की गई है।
संयुक्त राष्ट्र की न्यूज सेवा के मुताबिक, अमेरिका-बहरीन वाले प्रस्ताव को कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात का समर्थन मिला है।
हालांकि, रूस के पास सुरक्षा परिषद में वीटो पावर है, जबकि खाड़ी देशों में से कोई भी स्थायी सदस्य नहीं है।
06:20 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
चीन के एल्युमिनियम निर्यात में 15 फीसदी उछाल
होर्मुज स्ट्रेट में जारी तनाव के बीच चीन के एल्युमिनियम निर्यात में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, अप्रैल में चीन का एल्युमिनियम निर्यात पिछले साल के मुकाबले 15 फीसदी बढ़कर 5 लाख 98 हजार मीट्रिक टन रहा।
वहीं, इस साल अब तक कुल निर्यात 20.5 लाख टन तक पहुंच गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनियाभर के खरीदार भविष्य में लागत और बढ़ने की आशंका से पहले ही सामान जमा करना चाहते हैं। इसी वजह से चीन की फैक्ट्रियों में विदेशों से आने वाले ऑर्डर तेजी से बढ़े हैं।
06:04 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
IDF- हिजबुल्लाह के 85 ठिकानों पर हमला किया
इजराइली सेना (IDF) ने कहा कि उसने पिछले एक दिन में लेबनान भर में हिजबुल्लाह के 85 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया।
इनमें हथियार रखने की जगहें, लॉन्चर और सैन्य उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल होने वाली इमारतें शामिल हैं।
05:08 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस’ की चेतावनी दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि अगर ईरान के साथ समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट में फंसे व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए “प्रोजेक्ट फ्रीडम” को फिर शुरू कर सकता है।
उन्होंने कहा कि इस बार इसे “प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस” के नाम से आगे बढ़ाया जाएगा। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि अगर सब कुछ तय नहीं हुआ और समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हुए, तो अमेरिका दूसरा रास्ता अपनाएगा।
04:40 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी दूतावास ने UFO फाइलों पर ट्रम्प का मजाक उड़ाया
दक्षिण अफ्रीका में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यंग्य भरी पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का मजाक उड़ाया है।
दूतावास ने कहा कि ट्रम्प ने कथित तौर पर UFO से जुड़ी गोपनीय फाइलें इसलिए जारी करवाईं ताकि ईरान के खिलाफ जारी युद्ध से लोगों का ध्यान हटाया जा सके।
दरअसल, अमेरिका में शुक्रवार को लंबे समय से चर्चा में रही UFO फाइलों की पहली खेप जारी कर दी है। ट्रम्प सरकार ने सैकड़ों नए वीडियो, फोटो और पुराने सरकारी रिकॉर्ड सार्वजनिक किए। पूरी खबर पढ़ें…
03:58 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज स्ट्रेट तनाव से तेल कीमतों में तेजी
होर्मुज स्ट्रेट फिर बढ़े तनाव के बाद तेल की कीमतों में तेजी देखी गई। अल जजीरा के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड 1.23 डॉलर यानी 1.23 फीसदी की बढ़त के साथ 101.29 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।
वहीं, अमेरिकी WTI 0.61 डॉलर यानी 0.64 फीसदी बढ़कर 95.42 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
निवेश कंपनी अगेन कैपिटल के पार्टनर जॉन किलडफ ने रॉयटर्स से कहा कि बाजार में अभी काफी अनिश्चितता है, लेकिन लोगों को समझौते की उम्मीद भी दिख रही है।
03:54 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के नए सुप्रीम लीडर वार्ता रणनीति में अहम भूमिका निभा रहे
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई इस समय युद्ध और अमेरिका के साथ बातचीत की रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, उनकी सेहत और असली अधिकार को लेकर अब भी कई सवाल बने हुए हैं।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि युद्ध और कई बड़े सैन्य अधिकारियों की मौत के बाद ईरानी सत्ता तंत्र बिखरा हुआ नजर आ रहा है।
मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से अब तक सामने नहीं आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस हमले में उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और कई शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए थे, उसी में मोजतबा भी घायल हुए थे। इसके बाद से उनकी सेहत और सरकार पर उनकी पकड़ को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
CNN ने अमेरिकी खुफिया सूत्रों के हवाले से कहा कि खामेनेई इलेक्ट्रॉनिक संचार से पूरी तरह बच रहे हैं और भरोसेमंद लोगों के जरिए सीधे संदेश भेज रहे हैं। वह गंभीर चोटों का इलाज करा रहे हैं। उनके शरीर के एक हिस्से, चेहरे, हाथ, धड़ और पैर पर जलने के निशान बताए गए हैं।
03:04 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह का दावा- इजराइली सेना पर 26 हमले किए
हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने गुरुवार दोपहर से अब तक दक्षिणी लेबनान में इजराइली सेना पर 26 हमले किए हैं। यह ऐसे समय हुआ है जब इलाके में इजराइल के हमले तेज हो गए हैं और इनमें 30 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है।
अल जजीरा के मुताबिक हिजबुल्लाह ने दावा किया कि इन हमलों में इजराइली सेना को नुकसान पहुंचा है, हालांकि उसने घायल या मारे गए लोगों की संख्या नहीं बताई।
रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार दक्षिणी लेबनान पर इजराइली हवाई हमलों के लिहाज से सबसे घातक दिनों में से एक रहा। 2 मार्च से शुरू हुई लड़ाई के बाद से अब तक इजराइली हमलों में लेबनान में 2700 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और कम से कम 8500 लोग घायल हुए हैं।
02:44 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली हमलों के बाद लेबनान में तबाही की तस्वीरें

बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में लोग एक क्षतिग्रस्त घर की सफाई कर रहे हैं।

दक्षिणी लेबनान में एक बुजुर्ग दंपति अपने क्षतिग्रस्त घर में साथ कॉफी पी रहे हैं।

इजराइली हमलों में क्षतिग्रस्त इमारतों के सामने से गुजरते लोग।

बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में मशीन के जरिए मलबा हटाया जा रहा है।
02:13 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल-लेबनान शांति वार्ता 14-15 मई को होगी
अमेरिका ने कहा है कि इजराइल और लेबनान के बीच शांति और सुरक्षा समझौते पर अगली अहम बातचीत 14-15 मई को होगी। इस चर्चा में अमेरिका मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा।
अमेरिकी विदेश विभाग के बयान के मुताबिक, बातचीत में स्थायी शांति, सीमा विवाद, लेबनान के पुनर्निर्माण और लोगों तक मदद पहुंचाने जैसे मुद्दे शामिल होंगे।
अमेरिका ने कहा कि इलाके में स्थायी शांति के लिए हिजबुल्लाह का हथियार छोड़ना जरूरी है। इस बीच, दक्षिणी लेबनान और उत्तरी इजराइल में दोनों तरफ से हमले जारी हैं।
01:45 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने ट्रम्प की परमाणु हमले वाली धमकी का मजाक उड़ाया
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की हालिया परमाणु हमले की धमकी का मजाक उड़ाया है।
बघई ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, “यह एक बेतुकी बात है कि वे शांति और परमाणु संकट रोकने की बात करते हैं, जबकि उनका समाधान बस ‘एक बड़ी चमक’ है।”
साथ ही उन्होंने 1964 की अमेरिकी फिल्म ‘डॉ स्ट्रेंजलव या: हाउ आई लर्न्ड टू स्टॉप वरीइंग एंड लव द बॉम्ब’ का क्लिप भी शेयर किया। यह फिल्म युद्ध विरोधी व्यंग्य पर आधारित है।
01:23 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
UN- ईरान युद्ध से दुनिया में खाद्य कीमतें बढ़ीं
संयुक्त राष्ट्र की खाद्य और कृषि संस्था FAO ने कहा है कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण दुनिया में खाद्य कीमतें तीन साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं।
FAO के मुताबिक, फूड प्राइस इंडेक्स अप्रैल में सालाना आधार पर 2 फीसदी बढ़ा। यह 2023 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। संस्था ने बताया कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से बायोफ्यूल उद्योग में बीज वाले तेलों की मांग बढ़ रही है।
वहीं, दक्षिण पूर्व एशिया में इन तेलों का उत्पादन घटने की आशंका से भी कीमतों में तेजी आई है। गेहूं की कीमतों में भी 0.8 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। इसकी एक बड़ी वजह युद्ध के कारण उर्वरकों की बढ़ती कीमतें हैं।
संस्था ने चेतावनी दी है कि महंगे उर्वरकों की वजह से किसान गेहूं की खेती छोड़कर ऐसी फसलों की तरफ जा सकते हैं जिनमें कम उर्वरक लगता है। इससे गेहूं की सप्लाई घट सकती है और कीमतें और बढ़ सकती हैं।
01:21 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
रूस-UAE के विदेश मंत्रियों ने फोन पर बात की
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने UAE के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत का समर्थन किया जाना चाहिए, ताकि मिडिल ईस्ट में फिर से युद्ध जैसी स्थिति न बने।
रूसी विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, लावरोव ने कहा कि संघर्ष दोबारा शुरू होने से शांति की संभावनाओं को नुकसान पहुंच सकता है।
रूस की तरफ से कहा गया कि मौजूदा समय में सबसे जरूरी बात यह है कि बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाया जाए। रूस नहीं चाहता कि क्षेत्र में दोबारा स्थिरता की संभावनाओं को खतरा हो।
01:05 AM9 मई 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइली हमलों में 31 मौतें
दक्षिणी लेबनान में शुक्रवार को इजराइल के बड़े पैमाने पर किए गए हमलों में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सरकारी नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मृतकों में एक सिविल डिफेंस रेस्क्यू वर्कर भी शामिल है।
2 मार्च को इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष फिर शुरू होने के बाद यह सबसे घातक दिनों में से एक माना जा रहा है।
टायर जिले के टौरा शहर पर हुए दो हवाई हमलों में पांच लोगों की मौत हुई। एजेंसी के मुताबिक, मलबे में दब गई एक लड़की की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान अब भी जारी है।
इसी बीच, इजराइली सेना के ड्रोन ने हसबैया जिले में कफरशौबा और कफरहमाम को जोड़ने वाली सड़क पर एक कार को निशाना बनाया। इस हमले में एक सिविल डिफेंस कर्मचारी की मौत हो गई।
बिंत जुबैल और नबातियेह जिलों के गांवों पर हुए इजराइली हवाई हमलों में पांच और लोगों की जान गई। वहीं, बिंत जुबैल जिले के अस-सुल्तानिया शहर पर हुए एक और हमले में चार लोगों की मौत हुई।
लेबनान और इजराइल के बीच 17 अप्रैल को सीजफायर की घोषणा हुई थी, जिसे बाद में 17 मई तक बढ़ा दिया गया। इसके बावजूद इजराइली सेना दक्षिणी लेबनान में रोजाना हवाई हमले कर रही है।
हाल के दिनों में इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव लगातार बढ़ा है। सीमावर्ती इलाकों में कई बार रॉकेट और ड्रोन हमले भी हुए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बनी हुई है।













Leave a Reply