![]()
बैतूल जिले के हिवरखेड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक 16 वर्षीय छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक छात्र छुट्टियों में अपने नाना-नानी के घर आया हुआ था। मृतक की पहचान मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम मोही निवासी गौरव सोलंकी (पिता घनश्याम सिंह सोलंकी) के रूप में हुई है। गौरव कक्षा दसवीं का छात्र था और स्कूल की छुट्टियों के चलते हिवरखेड़ी स्थित अपने नाना-नानी के घर आया हुआ था। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच गांव के लोगों ने तालाब में एक बालक को डूबते देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से लगभग 10 बजे बालक के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैतूल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि गौरव पढ़ाई में होनहार छात्र था। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता खेती-किसानी का कार्य करते हैं। फिलहाल बैतूल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस बालक के तालाब में डूबने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Source link
बैतूल में ननिहाल आया 10वीं का छात्र तालाब में डूबा:ग्रामीणों ने डूबते हुए देखा, इकलौते बेटा था
















Leave a Reply