शादी से इनकार करने पर परिवार को तेजाब से नहलाया:पड़ोसी ने सोते समय दो मासूम बच्चों समेत पति-पत्नी पर फेंका एसिड, जिला अस्पताल की बड़ी लापरवाही आई सामने




बरेली के शेरगढ़ कस्बे में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सिरफिरे पड़ोसी ने घर में घुसकर सोते हुए पूरे परिवार पर तेजाब फेंक दिया। घटना बीती रात करीब 4 बजे की है, जब मोहल्ला डूंगरपुर निवासी हर प्रसाद अपनी पत्नी लक्ष्मी और दो मासूम बेटों, 2 वर्षीय अभिषेक और 4 वर्षीय आनंद के साथ सो रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाला उमेश कश्यप छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और मच्छरदानी में सो रहे पूरे परिवार पर तेजाब डाल दिया। तेजाब की जलन से चीख-पुकार मच गई। सभी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 5 बच्चों के पिता को पड़ोसी महिला से हुई मोहब्बत पीड़िता लक्ष्मी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनके परिवार पर तेजाब डालने वाला आरोपी उनका पड़ोसी उमेश कश्यप है। उमेश पहले से ही शादीशुदा है और उसके 5 बच्चे भी हैं, लेकिन वह लक्ष्मी पर जबरदस्ती शादी करने का लगातार दबाव बना रहा था। जब लक्ष्मी ने उसकी इस नाजायज मांग को ठुकरा कर शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तो उसने इसी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। लक्ष्मी ने बताया कि जब वे सब तख्त पर सो रहे थे, तभी आरोपी ने आकर उन पर तेजाब उड़ेल दिया, जिससे उनके पति और दोनों मासूम बच्चे बुरी तरह झुलस गए। लक्ष्मी अब आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसे जेल भेजने की मांग कर रही हैं। जिला अस्पताल की लापरवाही आई सामने इस दर्दनाक घटना के बीच जिला अस्पताल की एक बड़ी संवेदनहीनता और लापरवाही भी उजागर हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे सुबह 6 बजे से अस्पताल में हैं, लेकिन डॉक्टरों ने सिर्फ पति हर प्रसाद को ही भर्ती किया। दोनों मासूम बच्चों और महिला को बिना सही इलाज के छोड़ दिया गया। बच्चों के शरीर पर सिर्फ एक ट्यूब लगा दी गई और वे सुबह से अपनी मां के साथ अस्पताल के बाहर बेंच पर बैठने को मजबूर हैं। गरीब परिवार होने के कारण वे किसी निजी अस्पताल में इलाज कराने में भी असमर्थ हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए हैं। इंस्पेक्टर क्राइम सत्य सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *