शाहनवाज खान | हरदोई1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हरदोई के गांधी भवन में शनिवार को भारतीय कृषक दल का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित ने इसकी अध्यक्षता की। सम्मेलन में पार्टी को मजबूत करने और लोगों को न्याय दिलाने के मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रणनीति भी बताई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सरोज दीक्षित ने सभी कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने और अपने-अपने क्षेत्र में पार्टी की नीतियों से लोगों को अवगत कराने का आह्वान किया।
विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज प्रकाश सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय कृषक दल शोषित और वंचितों की आवाज उठाने वाला संगठन है। हरदोई के जिलाध्यक्ष सर्वेश पांडेय ने इस दौरान पार्टी का विजन प्रस्तुत किया।
सर्वेश पांडेय ने बताया कि भारतीय कृषक दल का लक्ष्य राष्ट्रीय किसान आयोग का गठन, एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) और एमपीपी (न्यूनतम खरीद मूल्य) को कानूनी मान्यता दिलाना, तथा समान नागरिक नीतियों को लागू करना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी समग्र क्रांति के माध्यम से देश और प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार समाप्त करने, शोषितों-वंचितों को निःशुल्क न्याय दिलाने और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए जन आंदोलन करेगी। इस सम्मेलन में हरदोई के अतिरिक्त अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में भारतीय कृषक दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















Leave a Reply