सीतापुर में साले की गला दबाकर हत्या का खुलासा:बहनोई ने गमछे से घोंटा था, पत्नी से विवाद बना वजह, आरोपी गिरफ्तार




सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने शनिवार शाम 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बहनोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया है। रामकोट थाना प्रभारी पीयूष सिंह ने बताया कि आरोपी रमेश कुमार पुत्र स्वर्गीय डल्लाराम निवासी अहाता कप्तान हबीबपुर थाना को सरायन नदी स्थित बिजौरा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रमेश कुमार का अपनी पत्नी से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार विवाद के चलते उसकी पत्नी मायके में रहने लगी थी, जिसके बाद रमेश भी ससुराल में जाकर रहने लगा। इसी दौरान किसी बात को लेकर सास-ससुर ने उसे डांट दिया था। इस बात से आरोपी काफी नाराज था और मन में रंजिश पाल बैठा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 13 मई को अपने साले सूरज को उसके पुत्र के आम बीनने के लिए बाहर जाने की बात कहकर साथ चलने को कहा। इसके बाद वह उसे मनैसी सरैया नहर पटरी के पास ग्राम करियामऊ के निकट ले गया, जहां गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। शुक्रवार दोपहर उसका शव खेतों में मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। सीओ सहित फॉरेंसिक टीम ने मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तारी में लगी पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गौतम, कांस्टेबल मनोज कुमार, वंश मलिक और अश्वनी ढाका शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *