RPF ने 8.27 लाख के अमेरिकी डॉलर यात्री को लौटाए:उसलापुर स्टेशन पर बैग भूल गए थे 75 साल के यात्री, दुर्ग पहुंचते ही RPF ने ऐपल टैब, सोने की अंगूठी और विदेशी दवाइयां लौटाईं




दुर्ग रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन अमानत के तहत एक बार फिर ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश की है। अमरकंटक एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक बुजुर्ग यात्री का लाखों रुपए कीमत का सामान से भरा बैग ट्रेन में छूट गया था। दुर्ग स्टेशन पहुंचने पर RPF जवानों ने बैग बरामद किया और जांच के बाद उसे सुरक्षित तरीके से यात्री के परिजनों को सौंप दिया। बैग में डॉलर, ऐपल टैब, विदेशी दवाइयां, सोने की अंगूठी समेत कुल 8 लाख 27 हजार 800 रुपए का सामान मिला। जानकारी के मुताबिक 16 मई 2026 को ट्रेन नंबर 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस में जबलपुर निवासी 75 वर्षीय अवतार सिंह अपने परिवार के साथ A-2 कोच की बर्थ नंबर 13 और 14 पर सफर कर रहे थे। उन्हें उसलापुर स्टेशन पर उतरना था। स्टेशन आने पर वे अपने बाकी सामान के साथ उतर गए, लेकिन जल्दबाजी में एक काले रंग का बैग ट्रेन में ही भूल गए। कोच की जांच में मिला बैग
ट्रेन जब दुर्ग स्टेशन पहुंची तो वहां ड्यूटी पर मौजूद महिला आरक्षक शारदा और आरपीएसएफ आरक्षक प्रसंजीत बिस्वास ने कोच की जांच की। इस दौरान कोच अटेंडेंट ने उन्हें एक लावारिस बैग की जानकारी दी। RPF जवानों ने बैग को अपने कब्जे में लेकर जांच की। बैग से मिला अमेरिकी डॉलर
बैग खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में कीमती सामान मिला। बैग में 25 अमेरिकी डॉलर के 100-100 डॉलर वाले नोट मिले, जिनकी भारतीय कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपए बताई गई। इसके अलावा करीब 3 लाख 12 हजार 800 रुपए कीमत का ऐपल टैब, लगभग ढाई लाख रुपए की विदेशी दवाइयां, 25 हजार रुपए कीमत की सोने की अंगूठी और करीब 10 हजार रुपए का अन्य सामान भी मौजूद था।

मोबाइल नंबर से संपर्क कर यात्री को बुलाया
RPF ने बैग की जांच के दौरान उसमें मौजूद मोबाइल नंबर के जरिए यात्री से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद यात्री के रिश्तेदार और दुर्ग निवासी भाग सिंह विरदी RPF पोस्ट पहुंचे। यहां जरूरी दस्तावेज और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरा सामान सुरक्षित तरीके से उन्हें सौंप दिया गया। RPF अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अमानत के तहत रेलवे यात्रियों के खोए हुए सामान को सुरक्षित ढूंढकर वापस करने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। दुर्ग पोस्ट की टीम ने समय रहते कार्रवाई कर लाखों रुपए का सामान सही मालिक तक पहुंचाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *