जौनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत:पिता ने पति समेत 5 ससुरालियों पर दहेज हत्या और शव जलाने का आरोप लगाया




जौनपुर के पंवारा थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिसके बाद उसके पिता ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज हत्या और शव को बिना सूचना दिए जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता वीरेंद्र कुमार, जो प्रयागराज के बरही गांव के निवासी हैं, ने पंवारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी आरती की शादी 21 मार्च 2025 को पंवारा निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल पक्ष के लोग आरती से 1.5 लाख नकद और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की अतिरिक्त मांग करने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर आरती को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उसके साथ कई बार मारपीट भी की गई। पिता के अनुसार, उन्हें 16 मई को ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि उनकी बेटी आरती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने साक्ष्य मिटाने और मामले को दबाने के उद्देश्य से उन्हें बिना सूचित किए ही आरती के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने आशंका जताई है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या की गई और फिर सबूत छिपाने के लिए शव को जला दिया गया। पिता ने अपनी तहरीर में पति, ससुर, सास और दो ननदों को नामजद किया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और यदि अवशेष उपलब्ध हों तो शव का पोस्टमार्टम या फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। पंवारा थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस इस पूरे प्रकरण की छानबीन में जुट गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *