कोंडागांव में मौसम ने ली करवट, झमाझम बारिश:भीषण गर्मी के बाद तापमान में गिरावट, लोगों को मिली राहत, सड़कों पर जलभराव




कोंडागांव जिले में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान थे। जिले का तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे सड़कें सूनी थीं और लोग घरों में रहने को मजबूर थे। पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। शनिवार शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम बदला और आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर बाद बादलों की तेज गर्जना शुरू हुई और जिलेभर में झमाझम बारिश होने लगी। तेज बारिश के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश शुरू होते ही बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरे खिल उठे। कई लोग घरों से बाहर निकलकर बारिश का आनंद लेते नजर आए। तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। शहर की नालियां भी पानी से लबालब हो गईं, जिससे कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। हालांकि बारिश से लोगों को थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन भीषण गर्मी से राहत मिलने के कारण लोगों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। तेज बारिश से सड़कें पानी में डूबी कोंडागांव जिले के केशकाल ब्लॉक में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यहां तेज बारिश के चलते कई सड़कें पानी में डूब गईं। कुछ निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों ने भी इस बारिश को राहत भरी बताया। किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों की नमी बढ़ेगी और आने वाली खेती के लिए लाभ मिलेगा। मौसम में आए इस बदलाव से पूरे जिले का वातावरण सुहावना हो गया। दिनभर की तपन और उमस के बाद ठंडी हवाओं और बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी जिले में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *