धमतरी में आंधी से मकान पर गिरा पेड़:खरीदी केंद्र का शेड उड़ा, महिला बाल-बाल बची; कई इलाकों में बिजली गुल, फसलें प्रभावित




छत्तीसगढ़ के धमतरी में शनिवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदलने से जिले में भारी तबाही हुई। तेज आंधी, तूफान और गरज-चमक के साथ लगभग एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज अंधड़ ने काफी नुकसान पहुंचाया। जिले के वनांचल क्षेत्र रिसगांव में एक विशाल नीम का पेड़ अचानक एक मकान पर गिर गया। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद एक महिला बाल-बाल बच गई। पेड़ गिरने से मकान के पास खड़ा एक ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अतिरिक्त, खरीदी केंद्र परिसर में बने चबूतरे का शेड भी तेज हवा में उड़ गया। जिले के कई अन्य इलाकों से भी पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की सूचनाएं मिली हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। अचानक हुई इस बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों जिले में धान और मक्का की फसलों की कटाई और मिसाई का काम चल रहा है। कई किसानों की उपज खुले आसमान के नीचे रखी हुई है, जिससे बारिश के कारण फसलों के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। कई किसानों की धान की फसल पूरी तरह पककर तैयार है, लेकिन बदलते मौसम और बेमौसम बारिश के डर से वे मिसाई का काम नहीं करा पा रहे हैं। बारिश में भीगने से तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने लगा है, जिससे किसान आर्थिक क्षति को लेकर चिंतित हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *