प्लांट में जलाया गया 6 करोड़ का ड्रग्स-गांजा:97 केसों में बरामद की गई थी नशीली सामग्री, कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई अफसरों ने




रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में जब्त किए गए 6 करोड़ रुपए के ड्रग्स को शुक्रवार को सिलतरा स्थित प्लांट में जलाकर नष्ट किया गया। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 97 अलग-अलग मामलों में बरामद ड्रग्स, गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों का विधिसम्मत तरीके से नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति द्वारा की गई। सिलतरा स्थित प्राइवेट प्लांट में मादक पदार्थों को पर्यावरणीय मानकों के तहत भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस उपायुक्त की मॉनीटरिंग में नष्टीकरण पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस के मुताबिक, 65 मामलों में करीब 494 किलो गांजा, 22 मामलों में 11,964 कैप्सूल और टेबलेट, 5 मामलों में 11.217 किलो चरस, 2 मामलों में 31.95 ग्राम ब्राउन शुगर, 2 मामलों में 24.24 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स और एक मामले में 8.19 ग्राम कोकीन नष्ट की गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई से पहले पर्यावरण विभाग से एनओसी और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गई थीं। पूरे नष्टीकरण की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे। ड्रग्स नेटवर्क के आर्थिक जड़ों पर भी होगी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया, कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कमेटी को बनाकर नशीली सामग्रियों को नष्ट किया गया है। नशे के खिलाफ सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा जाएगा, बल्कि ड्रग्स नेटवर्क की आर्थिक जड़ों पर भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत आदतन तस्करों पर निरोधात्मक कार्रवाई और वित्तीय जांच भी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *