नीट पेपर लीक: कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस:बुरहानपुर में टॉकीज तिराहे से निकाला मार्च, बोले- 22 लाख छात्रों के भविष्य से खिलवाड़




बुरहानपुर में नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में शनिवार रात कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन जीतू पटवारी के आह्वान पर प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा था। शाम 7 बजे शुरू हुए जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ता कम टॉकीज तिराहे पर एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने शहर के विभिन्न मार्गों पर मशाल और मोमबत्तियां लेकर मार्च निकाला। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली पर नाराजगी जताई गई। ‘22 लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित’ शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिंक टाक ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल रिंक टाक ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हजारों स्कूल बंद हो चुके हैं और सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही। मशाल जुलूस में महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *