बेमेतरा में गौवंश मौत मामले पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन:विरोध में नवागढ़ में निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा, पुलिस और कार्यकर्ताओं में हुई झड़प




बेमेतरा जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिरिया में कथित रूप से 300 गौवंशों की मौत के मामले को लेकर शुक्रवार 9 मई को जिला युवा कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन करते हुए प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शासन-प्रशासन पर संवेदनहीनता और कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया। जिला युवा कांग्रेस के महासचिव एवं जनपद सदस्य दीपक दिनकर पिछले 9 दिनों से गौवंशों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे हुए थे। मामले को लेकर युवा कांग्रेस लगातार आंदोलन कर रही है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने कहा कि एक दिन पहले ही मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन इसके बावजूद आंदोलन जारी रखा गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “आज शव यात्रा निकाली गई है और ठीक 10 दिन बाद मृत्यु भोज कार्यक्रम भी किया जाएगा।” प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीन प्रतीकात्मक शवों का अंतिम संस्कार भी किया। युवा कांग्रेस ने इस पूरे मामले के लिए खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम और गौ सेवा आयोग अध्यक्ष विशेश्वर पटेल को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई झड़प शव यात्रा और अंतिम संस्कार कार्यक्रम को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ समय तक छीना-झपटी की स्थिति भी बनी रही। इसी बीच कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर माहौल और गरमा गया। भाजपा और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। हालांकि भारी पुलिस बल और बाहर से बुलाए गए जवानों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव एवं भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा, पूर्व संसदीय सचिव गुरु दयाल सिंह बंजारे सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, ग्रामीण और किसान भी प्रदर्शन में शामिल हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *