छतरपुर में डेढ़ करोड़ की शराब से भरा ट्रक पलटा:कैडी ब्रिज के पास बिखरीं 1300 पेटियां, पुलिस ने घेराबंदी कर माल सुरक्षित कराया




छतरपुर में शुक्रवार-शनिवार रात शराब से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। शनिवारर देर शाम वीडियो सामने आया है। हादसा ओरछा रोड थाना क्षेत्र के कैडी ब्रिज के पास हुआ, जहां ट्रक पूरी तरह सड़क किनारे उलट गया। ट्रक में करीब 1300 पेटियां शराब लदी थीं, जिनकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, ट्रक ग्वालियर से रीवा की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि कैडी ब्रिज के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक अचानक पलट गया। हादसे के दौरान तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ट्रक पलटने से शराब की कई पेटियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि बड़ी संख्या में पेटियां सड़क किनारे बिखर गईं। घटना की सूचना मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया ताकि शराब की पेटियों को नुकसान या चोरी से बचाया जा सके। इसके बाद ट्रक में फंसे ड्राइवर और खलासी को बाहर निकाला गया। दोनों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। शराब की पेटियां सुरक्षित कराने में जुटी टीम
पुलिस और प्रशासन की टीम देर रात तक शराब की पेटियों को सुरक्षित कराने और ट्रक को हटाने के काम में जुटी रही। हादसे के कारण कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या वाहन का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक में लदी शराब के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *