ओमपाल | रामपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

परिवहन विभाग ने इन वाहनों पर कुल 2 लाख 98 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
रामपुर में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बीती रात विशेष चेकिंग अभियान चलाकर चार ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई थाना गंज क्षेत्र की नवीन मंडी चौकी के पास की गई। परिवहन विभाग ने इन वाहनों पर कुल 2 लाख 98 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
अभियान रात करीब 10:30 बजे से सुबह 4:30 बजे तक चला। जांच के दौरान दो डंपर और दो क्लोज बॉडी ट्रक पकड़े गए। अधिकारियों ने पाया कि सभी वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर चल रहे थे। नियमों के उल्लंघन पर सभी वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं और इससे सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन और जिला प्रशासन के निर्देश पर ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।
उन्होंने वाहन संचालकों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से अपील की कि वे वाहनों में क्षमता से अधिक माल न भरें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही चेतावनी दी कि ओवरलोडिंग मिलने पर वाहन सीज करने के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।

कंट्रोल रूम से भी रखी जा रही निगरानी
रातभर चली कार्रवाई से ओवरलोड वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। परिवहन विभाग की टीम ने बताया कि जिले में नियमित रूप से अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, रोजाना चौराहों, तिराहों और प्रमुख मार्गों पर विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। इसके अलावा कंट्रोल रूम के माध्यम से भी ओवरलोड वाहनों की निगरानी की जा रही है, ताकि नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके।

















Leave a Reply