शिवपुरी में जन चौपाल, नशा-जुआ और चोरी की शिकायतें उठीं:नवविवाहिता ने मारपीट का आरोप लगाया, पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया




शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित शिकारी चौक पर शनिवार रात फिजिकल थाना पुलिस ने जन चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ और एसआई रामेंद्र सिंह चौहान ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह चौपाल लगाई गई है, ताकि जनता की समस्याओं का समाधान किया जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि मौके पर जिन समस्याओं का निराकरण संभव होगा, उन्हें तत्काल हल किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। चौपाल में एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत की कि रात 11 बजे से देर रात 2 बजे तक कुछ युवक इलाके में जमा रहते हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ये युवक स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं और जुआ भी खेलते हैं। निवासियों ने क्षेत्र में पहले हुई चोरी की घटनाओं का भी जिक्र किया, जिससे उनमें डर का माहौल बना हुआ है। इसी दौरान एक नवविवाहिता भी चौपाल में पहुंची और अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया। हालांकि चौपाल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों की जानकारी लेना था, लेकिन लोगों ने अतिक्रमण, गंदगी, पानी की समस्या और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें भी पुलिस के सामने रखीं। पुलिस अधिकारियों ने इन शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *