सिद्धार्थनगर में एक ही फर्म को लाखों का भुगतान:विकास कार्यों में अनियमितता पर उठे सवाल




सिद्धार्थनगर के लोटन विकासखंड की ग्राम पंचायत अभयपुर में विकास कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 से लेकर 2026-27 तक के भुगतान संबंधी अभिलेखों में ‘वेदिका कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स’ नामक एक ही फर्म को लाखों रुपये का भुगतान दर्शाया गया है। दस्तावेजों के अनुसार, इंटरलॉकिंग ईंट, मौरंग, बालू, सीमेंट, सरिया, नाली निर्माण सामग्री, हैंडपंप बोरिंग, हैंडपंप मरम्मत और साफ-सफाई सहित कई प्रकार के कार्यों एवं सामग्रियों के लिए इसी फर्म को भुगतान किया गया है। यह सवाल उठ रहा है कि आखिर पूरी ग्राम पंचायत में अधिकांश आपूर्ति और निर्माण कार्यों का जिम्मा एक ही फर्म को कैसे मिलता चला गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि संबंधित फर्म के जीएसटी विवरण में इलेक्ट्रिक सामान, इंटरलॉकिंग ब्रिक, लकड़ी संबंधित कार्य, ठेकेदारी और साधारण ब्रिक जैसे कार्य दर्ज हैं। जबकि, भुगतान सीमेंट, मौरंग, बालू, सरिया, हैंडपंप मरम्मत और हैंडपंप बोरिंग जैसे कई मदों में भी किया गया है। ऐसे में यह बड़ा सवाल है कि जिन कार्यों या सामग्रियों का जीएसटी नेचर में उल्लेख नहीं है, उन पर लाखों रुपये का भुगतान किस आधार पर किया गया। कागजों में अभयपुर में विकास की तस्वीर काफी बड़ी दिखाई दे रही है, लेकिन धरातल पर वास्तविक स्थिति क्या है, यह गांव के लोग और मौके का भौतिक सत्यापन ही बता सकता है। यह दावा नहीं किया जा रहा कि कार्य हुए ही नहीं, लेकिन जिस तरह लगातार एक ही फर्म पर भुगतान दर्शाया गया है, उसने पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला दिया है। ग्रामीणों के बीच भी अब यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या वास्तव में गांव में उतने कार्य हुए हैं, जितने कागजों और वाउचरों में दिखाए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *