अशोकनगर पुलिस CCTNS रैंकिंग में फिर प्रदेश में नंबर-1:तकनीक आधारित पुलिसिंग से नागरिकों को मिल रहीं त्वरित ऑनलाइन सेवाएं




अशोकनगर पुलिस ने अप्रैल माह की CCTNS रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह लगातार चौथा महीना है जब जिले ने शीर्ष स्थान पर अपनी जगह बनाई है। इस उपलब्धि को पुलिस विभाग की कार्यकुशलता, बेहतर निगरानी और तकनीकी दक्षता का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिले में CCTNS (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। थाना स्तर पर अपराध, विवेचना, आरोपियों, गवाहों, जब्ती और निराकरण से संबंधित सभी जानकारियों को समय पर तथा तथ्यात्मक रूप से सॉफ्टवेयर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। डेटा गुणवत्ता और मात्रा के मानकों का शत-प्रतिशत पालन भी सुनिश्चित किया गया। CCTNS के माध्यम से अब पुलिसिंग पूरी तरह तकनीक आधारित हो गई है। इससे थानों का कामकाज पेपरलेस हुआ है और नागरिकों को भी कई सुविधाएं घर बैठे मिल रही हैं। रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज की जा सकती है
‘MP e-Cop’ मोबाइल ऐप के जरिए अब मोबाइल चोरी, वाहन चोरी सहित अन्य घटनाओं की रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज की जा सकती है। इन रिपोर्टों की डिजिटल कॉपी हर जगह मान्य होती है, जिससे नागरिकों को थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। साइबर धोखाधड़ी से संबंधित एफआईआर की निगरानी भी CCTNS के माध्यम से की जा रही है। चरित्र प्रमाण पत्र, किरायेदार और घरेलू सहायकों के पुलिस सत्यापन जैसी प्रक्रियाएं भी अब डिजिटल माध्यम से तेजी से पूरी हो रही हैं। नागरिक अपने मोबाइल से ही आवेदन कर इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। CCTNS पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज होने के बाद फरियादी घर बैठे उसकी प्रगति देख सकते हैं। इससे पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है और जवाबदेही भी सुनिश्चित हुई है। राष्ट्रव्यापी डेटाबेस के जरिए गुमशुदा व्यक्तियों और बच्चों की जानकारी का मिलान तेजी से किया जा रहा है, जिससे उन्हें जल्द खोजने में सहायता मिल रही है। यह सुविधा आमजन के लिए भी ‘MP e-Cop’ ऐप पर उपलब्ध है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *