कोरबा में मुख्यमंत्री साय ने सुनी जनता की समस्या:टॉपर छात्रों, लखपति दीदियों को चेक बांटे; मांगों पर जल्द अमल का भरोसा




मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को कोरबा के सुदूर वनांचल और आदिवासी बहुल क्षेत्र लेमरू में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शिविर में आम जनता से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के मेधावी टॉपर छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही स्व-सहायता समूह की लखपति दीदियों को चेक वितरित कर उनके आत्मनिर्भर प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां और महिलाएं प्रदेश की ताकत हैं और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच भरोसा, संवाद मजबूत करने का माध्यम है। सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों पर जल्द अमल करने का भरोसा दिलाया और कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने पर जोर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वनांचल क्षेत्रों का समग्र विकास और लोगों तक बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य व राशन जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार चल रहा है। इसके तहत सांसद, मंत्री, विधायक, कलेक्टर, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी क्लस्टर बनाकर शिविर लगा रहे हैं। जनता की समस्याओं को आवेदन के रूप में लिया जा रहा है और तत्काल निराकरण का प्रयास हो रहा है। उन्होंने बताया कि एक माह के भीतर सभी समस्याओं को दूर करने का लक्ष्य है और कोरबा आठवां जिला है जहां वे सुशासन तिहार के तहत पहुंचे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *