मथुरा में घर के अंदर खड़ी अर्टिगा कार में आग:फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका




मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र के नंदगांव स्थित दिवाका थोक में शनिवार रात एक घर की गैलरी में खड़ी अर्टिगा कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। जानकारी के अनुसार, दिवाका थोक निवासी मोनपाल के घर में रात करीब 8:30 बजे गैलरी में खड़ी अर्टिगा कार से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों, पाइपों और समरसेबल की मदद से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग फैलती रही। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। मोनपाल के पिता हेतराम ने बताया कि आग की चपेट में आने से कार के अलावा घर में रखा सोलर सिस्टम और खेती-किसानी का सामान भी जल गया। आग की गर्मी के कारण मकान की दीवारों में भी दरारें आ गईं। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका है कि सीएनजी कार में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण आग लगी होगी। घटना के बाद देर रात तक मौके पर लोगों की भीड़ बनी रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *