शिवपुरी में पुरानी रंजिश में मारपीट:गड़ासी-बंदूक से भी हमला किया, दोनों पक्षों के कई लोग घायल




शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के खद्द गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान गड़ासी और लाठी-डंडों का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के 6 से 7 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, करीब आठ महीने पहले एक पक्ष का युवक दूसरे पक्ष के परिवार की बहू को ले आया था। बाद में पुलिस ने महिला को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव और रंजिश चली आ रही थी। खेत पर पानी मोटर चालू करने के दौरान विवाद
खद्द गांव निवासी बृजमोहन यादव ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 9 बजे वह अपने भाई सियाराम यादव के साथ खेत पर पानी की मोटर चालू करने गए थे। इसी दौरान गांव के ऐवरन यादव, वीरू यादव, सिंधिया यादव और मेघसिंह यादव वहां पहुंचे। बृजमोहन के अनुसार, ऐवरन यादव बंदूक लेकर आया था और सभी आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे। झगड़े की आवाज सुनकर बृजमोहन के भाई रामहेत यादव, भाभी सेवा यादव और भतीजे लोकेन्द्र व राजेन्द्र यादव भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने गड़ासी से हमला कर दिया। इस हमले में सियाराम यादव के सिर, सेवा यादव के हाथ, रामहेत यादव के माथे और हाथ, लोकेन्द्र यादव के कंधे और पैर तथा राजेन्द्र यादव के सिर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे बृजमोहन यादव भी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *