13 फीट अजगर ने बकरी का किया शिकार:सीधी में हड़कंप, वन विभाग और पुलिस ने किया रेस्क्यू




सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम मझिगवां स्थित कोलान बस्ती में रविवार दोपहर हड़कंप मच गया। यहां एक 13 फीट लंबे अजगर ने नदी किनारे चर रही एक बकरी को अपना शिकार बना लिया। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई। ग्राम मझिगवां निवासी तारा साहू अपनी बकरियों को चराने नदी किनारे ले गए थे। वे एक आम के पेड़ के नीचे बैठे थे, तभी बकरियों के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक विशाल अजगर ने उनकी एक बकरी को जकड़ रखा था। अजगर के बड़े आकार को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। तारा साहू ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय सरपंच सुजय सिंह को दी। सरपंच ने तत्काल वन विभाग और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मड़वास वन विभाग की टीम और सीधी से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने अजगर को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह भी घटनास्थल पर मौजूद थे। थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि अजगर ने एक बकरी का शिकार किया है। वन विभाग की टीम अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की कार्रवाई कर रही है, ताकि वह दोबारा गांव में न आ सके। सरपंच सुजय सिंह ने बताया कि अजगर लगभग 13 फीट लंबा था और जंगल से गांव में आ गया था। यह घटना जिस इलाके में हुई, वहां करीब 40 घर और 200 लोग रहते हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल था। ग्रामीणों की समय पर सूचना से स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। वन विभाग की टीम अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ने की तैयारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *