![]()
वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) वैभव कृष्ण ने जौनपुर में अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने चिन्हित माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ गैंगशीट खोलकर कठोर कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर/ग्रामीण), सभी क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी और विभिन्न शाखा/कार्यालय प्रभारी मौजूद रहे। डीआईजी ने जनपद में चिन्हित माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने हत्या, लूट, बलात्कार, छेड़छाड़, गो तस्करी और शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, गृह-चोरी और नकबजनी के अपराधियों की गैंगशीट खोलकर कार्रवाई करने को कहा गया। डीआईजी ने घटित आपराधिक घटनाओं, पंजीकृत अभियोगों और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने समयबद्ध और गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण तथा वांछित अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महिला संबंधी अपराधों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। ‘ऑपरेशन कनविक्शन’ के तहत हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और लूट जैसे गंभीर अपराधों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को अधिकतम सजा दिलाने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में जनता की समस्याओं को शालीनतापूर्वक सुनकर निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने हेतु विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अवैध शराब के खिलाफ निरंतर अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने, थानों पर दाखिल विभिन्न अभियोगों से संबंधित माल मुकदमाती का विधिक निस्तारण करने और सभी थाना प्रभारियों व उनके हमराहियों को दंगा नियंत्रण के बारे में दिशा-निर्देश दिए गए।
Source link
जौनपुर में DIG ने दिए कड़े निर्देश:चिन्हित माफियाओं, अपराधियों की गैंगशीट खोलकर करें कठोर कार्रवाई















Leave a Reply