Rs 1.56 Lakh Stolen After Lock Pattern Change


ग्वालियर3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ग्वालियर के गोला का मंदिर इलाके में साइबर अपराधियों ने एक युवक का मोबाइल रिमोट एक्सेस के जरिए हैक कर लिया। ठगों ने पहले मोबाइल का पासवर्ड बदला, फिर फोन को पूरी तरह ब्लॉक कर उसके बैंक खाते से 1 लाख 56 हजार रुपए निकाल लिए।

पीड़ित को ठगी का पता तब चला, जब उसने मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर पर जाकर फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट कराया। घटना 9 मई की शाम करीब 6:30 बजे गायत्री विहार कॉलोनी की है। पीड़ित ने मामले की शिकायत मध्यप्रदेश पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल पर की, जिसके बाद ई-जीरो FIR सिस्टम के तहत केस दर्ज किया गया।

अचानक बदला लॉक, फोन हुआ ब्लॉक

गायत्री विहार निवासी शैलेंद्र सिंह तोमर पिता रामबाबू सिंह तोमर ने बताया कि 9 मई की शाम उन्होंने मोबाइल उठाया तो उसका लॉक पैटर्न बदला हुआ मिला। सही पासवर्ड डालने के बावजूद फोन अनलॉक नहीं हुआ।

करीब 10 मिनट बाद स्क्रीन पर ऑटोमैटिक अपडेट का लोगो दिखाई देने लगा। इसके बाद मोबाइल पूरी तरह हैंग हो गया और कोई भी फंक्शन काम नहीं कर रहा था।

सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद खुला राज

शैलेंद्र को लगा कि फोन में तकनीकी खराबी आ गई है। वे मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर पहुंचे। वहां सॉफ्टवेयर अपडेट कर फोन दोबारा चालू किया गया तो बैंक खाते से रकम कटने के लगातार मैसेज आने लगे। ठग उनके खाते से 1.56 लाख रुपए निकाल चुके थे।

रिमोट एक्सेस ऐप से की ठगी

साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, पीड़ित के मोबाइल में किसी फर्जी लिंक के जरिए रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड कराया गया होगा। इसी के जरिए ठगों ने फोन का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया। आशंका है कि आरोपियों ने स्क्रीन ब्लॉक कर दी, ताकि ट्रांजैक्शन के दौरान ओटीपी और अलर्ट दिखाई न दें।

पुलिस ने शुरू की जांच

खाते से रकम गायब होने के बाद शैलेंद्र सिंह तोमर ने गोला का मंदिर थाना और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *