किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का कल हाईवे जाम:जिला प्रभारी बोले- पुलिस आंदोलन को रोकने की कोशिश करेगी, तब भी कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे




दतिया कांग्रेस ने गुरुवार को रायरू क्षेत्र में हाईवे जाम का ऐलान किया है। इस आंदोलन की रणनीति बुधवार को पूर्व गृहमंत्री महेंद्र बौद्ध के निवास पर आयोजित बैठक में बनाई गई, जिसमें जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में प्रदेश स्तर के प्रभारी की मौजूदगी में आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। बैठक के बाद जिला प्रभारी दशरथ गुर्जर ने राज्य सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में किसानों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है और उन्हें लगातार आश्वासन देकर ठगा जा रहा है। गुर्जर ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल वादे कर रही है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि 7 तारीख को चंबल क्षेत्र से लेकर हाईवे के अंतिम छोर तक कांग्रेस कार्यकर्ता चक्काजाम करेंगे। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन आंदोलन को रोकने की कोशिश करता है, तब भी कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे। उनके अनुसार, यह आंदोलन सरकार को जगाने के लिए किया जा रहा है। गुर्जर ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश में हर वर्ग परेशान है और केवल वही लोग संतुष्ट हैं जो सत्ता के करीब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग दलाली में लगे हैं और आम जनता की समस्याओं से उनका कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस नेता ने किसानों की आय बढ़ाने के सरकारी दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस बयान को झूठा बताया, जिसमें किसानों की आय कई गुना बढ़ने की बात कही गई थी। गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी और चक्काजाम आंदोलन उसी का हिस्सा है। बैठक में जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा, नरेंद्र गुर्जर, अवधेश नायक, अजय शुक्ला, शंभू गोस्वामी आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *