![]()
श्रावस्ती में रविवार को जनपद स्तरीय अनुदेशक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में शिक्षण कार्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नियुक्त अनुदेशकों के सम्मान में आयोजित हुआ। इस अवसर पर मानदेय बढ़ोतरी की खुशी में सभी अनुदेशकों को डेमो चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ के लोकभवन सभागार में आयोजित अनुदेशकों के बढ़े हुए मानदेय भुगतान एवं सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, भिनगा में दिखाया गया। विधायक राम फेरन पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि अनुदेशकों की नियुक्ति उस समय हुई थी जब जनपद में शिक्षकों की कमी थी। उन्होंने अनुदेशकों के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल पठन-पाठन को मजबूत किया, बल्कि छात्र नामांकन भी बढ़ाया है। सरकार द्वारा मानदेय ₹7,000 से बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह किया जाना उनके समर्पण का सम्मान है। भिनगा विधायक इन्द्राणी वर्मा ने भी अनुदेशकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगा। विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा की। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने अनुदेशकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि से उनका उत्साह बढ़ेगा और शैक्षिक गुणवत्ता में और सुधार होगा। गौरतलब है कि वर्ष 2013 में नियुक्त अनुदेशकों का मानदेय अब ₹17,000 प्रतिमाह हो गया है। इस मानदेय वृद्धि से जनपद के कुल 117 अनुदेशक लाभान्वित हुए हैं।
Source link
अनुदेशकों का मानदेय बढ़ा, सम्मान समारोह में मिले डेमो चेक:श्रावस्ती में जिप अध्यक्ष की मौजूदगी में 117 अनुदेशकों को किया गया सम्मानित














Leave a Reply