हाथरस में अनुदेशक सम्मान समारोह, चेक वितरित:प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने स्मार्टफोन भी बांटे, प्रधानमंत्री की अपील का पालन करें




हाथरस के सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज सभागार में आज रविवार शाम को अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान, प्रतीकात्मक रूप से 10 अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के चेक सौंपे गए। इसके अतिरिक्त, पांच आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों और छह मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। मीडिया से बात करते हुए प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अनुदेशकों की समस्याओं को समझते हुए उनका मानदेय ₹8000 बढ़ा दिया है, जिससे वे अब और बेहतर तरीके से कार्य कर पाएंगे। प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बच्चों को अच्छे संस्कार देने और उन्हें सोशल मीडिया से दूर रखने पर जोर दिया। उन्होंने अनुदेशकों से अपील की कि वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें, ताकि वे जीवन में उन्नति कर सकें। कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद अनूप प्रधान, विधायक प्रदीप कुमार उर्फ गुड्डू चौधरी और विधायक अंजुला सिंह माहौर ने भी संबोधित किया। बच्चों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया, और जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, रामवीर सिंह भैयाजी और भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता सहित काफी प्रमुख लोग उपस्थित थे। अधिकारियों में जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, उप जिलाधिकारी सदर राज बहादुर और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाती भारती प्रमुख रूप से मौजूद रहे। मानदेय बढ़ने से अनुदेशक और अच्छा काम करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्तमान में पूरे विश्व में एक संकट का माहौल है। उन्होंने देशहित में प्रधानमंत्री की अपील का पालन करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि मान दिया बढ़ने से अनुदेशक और अच्छा काम कर सकेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *