छात्राओं से छेड़छाड़, दो युवक गिरफ्तार:हरदोई के बघौली में स्कूल से लौटते समय हुई घटना, पुलिस ने भेजा जेल




हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें और पीछा करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना 16 मई 2026 को हुई थी। दो छात्राएं स्कूल की छुट्टी के बाद साइकिल से अपने घर लौट रही थीं। सई नदी पुल के आगे पहुंचते ही एक चार पहिया वाहन में सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों युवक वाहन में अश्लील गाने बजाते हुए छात्राओं पर फब्तियां कस रहे थे। उन्होंने छात्राओं को बार-बार रुकने और गाड़ी में बैठने के लिए इशारे भी किए। आरोपियों ने वाहन को आगे-पीछे चलाकर छात्राओं को डराने की कोशिश भी की। डरीं छात्राएं किसी तरह अपने घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल थाना बघौली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना बघौली में 17 मई 2026 को मु0अ0सं0 185/26 धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। एसपी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी और क्षेत्राधिकारी बघौली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चाईना उर्फ अर्जुन पुत्र छोटे निवासी तकिया धर्मपुर थाना माधौगंज और सुनील पुत्र केसुल निवासी गुंजनपुरवा थाना बघौली के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *