घर से भागे दो नाबालिग दोस्त:कानपुर सेंट्रल पर RPF ने किया रेस्क्यू, परिजनों को सौंपा




कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सतर्कता दिखाते हुए आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) ने दो नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर संबंधित थाना पुलिस को सौंप दिया। ये दोनों बच्चे घर से नाराज होकर भाग निकले थे और ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर पुखरायां में पहले ही अपहरण का मुकदमा दर्ज किया जा चुका था। आरपीएफ प्रभारी एस.एन. पाटीदार ने बताया कि रेल मदद हेल्पलाइन पर दो बच्चों के ट्रेन में सफर करने की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने जानकारी दी थी कि उसका भांजा अपने दोस्त के साथ गाड़ी संख्या 12398 के जनरल कोच में मौजूद है, जो लखनऊ की तरफ जा रही है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मो. असलम खान महिला कांस्टेबल विनीता के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंचे। ट्रेन आने पर आरपीएफ टीम ने आगे के जनरल कोच की तलाशी ली। फोटो के आधार पर दोनों बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित ट्रेन से उतारा गया और पोस्ट पर लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे 16 मई को पुखरायां से घरवालों द्वारा पढ़ाई के लिए डांटे जाने से नाराज होकर बिना बताए भाग निकले थे। इसी बीच, थाना भोगनीपुर से उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुष्टि की कि बच्चों के परिजनों ने दोनों के लापता होने पर अपहरण के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। बरामद बच्चों की पहचान होने के बाद उनके परिजन भी मौके पर आ गए और बच्चों को सकुशल पाकर राहत की सांस ली। परिजनों ने आरपीएफ टीम का आभार व्यक्त किया। इसके बाद, आरपीएफ ने आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई और फोटोग्राफी के बाद दोनों बच्चों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना भोगनीपुर पुलिस और उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ की तत्परता से बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सका।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *