भाई ने हेलमेट नहीं पहना, पिता ने नियम तोड़े…:हरदा पुलिस ने फिल्म के जरिए समझाए ट्रैफिक नियम, रिश्तों के जरिए जान की कीमत बताई




हरदा में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए रविवार शाम सिटी कोतवाली पुलिस ने अनोखी पहल की। ग्राम उड़ा के पास एलईडी स्क्रीन पर लघु फिल्म दिखाकर राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। फिल्म के जरिए दिखाए सड़क हादसों के खतरे टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि फिल्म के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाने का प्रयास किया गया। फिल्म में कई ऐसे दृश्य दिखाए गए, जो लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ते नजर आए। फिल्म में एक बहन अपने भाई को हेलमेट पहनने की सलाह देती है, लेकिन भाई उसकी बात अनदेखा कर देता है। वहीं एक पिता शराब पीकर वाहन चलाता है और नियमों की अनदेखी करते हुए अपनी जान गंवा देता है। इसके अलावा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, नाबालिग द्वारा तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने से हुए हादसे और रेड लाइट उल्लंघन जैसे मामलों को भी फिल्म में दिखाया गया। “बच्चों को सड़क सुरक्षा की भी शिक्षा दें” फिल्म में यह भी दिखाया गया कि दुर्घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस बच्चों के अभिभावकों को समझाइश देती है कि बच्चों को सिर्फ संस्कार ही नहीं, सड़क सुरक्षा की शिक्षा भी दें और नाबालिगों को वाहन न सौंपें। रेड लाइट तोड़ने वाले वाहन चालकों को भी यातायात पुलिस द्वारा नियमों का महत्व समझाते हुए दिखाया गया। जनता से हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील टीआई रोशनलाल भारती ने कहा कि लापरवाही के कारण लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय हैं। हादसों में कमी लाने के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। वहीं ट्रैफिक थाना प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर ने कहा कि मानव जीवन अमूल्य है और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी ही है। उन्होंने लोगों से बिना हेलमेट वाहन न चलाने और सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील की। साथ ही दूसरों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की बात कही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *