शिवपुरी में 5 लाख की चोरी का खुलासा:ऑटो में बेचने जा रहे थे जेवर, मकान मालिक पर लगे आरोप गलत निकले, दो चोर गिरफ्तार




शिवपुरी के माधव नगर फतेहपुर में हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल और चोरी में इस्तेमाल किया गया ऑटो जब्त किया है। इस मामले में पीड़िता ने पहले अपने मकान मालिक पर चोरी का आरोप लगाया था, जो जांच में गलत साबित हुआ। कमरे का ताला तोड़कर घुसे थे चोर 14 मई 2026 को माधव नगर निवासी पूनम योगी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके कमरे का ताला तोड़कर पलंग में रखे बैग से सोने-चांदी के पुराने जेवर और तीन मोबाइल चोरी कर लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले के मार्गदर्शन में टीआई रोहित दुबे ने विशेष टीम का गठन किया। 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली पुलिस टीम ने 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही साइबर सेल की मदद से कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। 17 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक पुराने रेलवे स्टेशन के पास पीले-हरे रंग के ऑटो में चोरी का सामान बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अशोक उर्फ गोलू रजक निवासी आईटीआई फॉरेस्ट कॉलोनी और साहिल वाल्मीकि निवासी 40 नंबर कोठी के पास, शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कबूली चोरी पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया, जिसमें सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल शामिल हैं। चोरी में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल ऑटो क्रमांक MP33 ZB 4132 भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उन पर पहले से अवैध शराब बिक्री के मामले दर्ज हैं। आरोपी अशोक रजक पर हत्या का मामला भी दर्ज बताया गया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *