![]()
देवरिया के सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने बिना हेलमेट बुलेट चलाने के मामले में स्वयं पुलिस से चालान काटने का आग्रह किया है। विधायक की इस पहल की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है, जहां इसे जनप्रतिनिधियों के लिए एक सकारात्मक उदाहरण बताया जा रहा है। विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से घटना का विवरण दिया। उन्होंने बताया कि मेहड़ा पुरवां स्थित अपने आवास के पास प्रकाश यादव की चाय की दुकान पर वे कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के साथ सुबह की चाय पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रमोद मणि एक नई बुलेट मोटरसाइकिल लेकर पहुंचे और विधायक से बाइक चलाकर उसका शुभारंभ करने का आग्रह किया। विधायक ने स्वीकार किया कि हेलमेट उपलब्ध न होने के बावजूद वे कार्यकर्ता का आग्रह टाल नहीं सके। इसके बाद वे और प्रमोद मणि बुलेट से उनके आवास तक गए। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह कृत्य यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन था। इस गलती का एहसास होने पर विधायक ने तत्काल देवरिया पुलिस और प्रशासन को पत्र लिखकर अपने खिलाफ चालान की कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि नियम सभी के लिए समान हैं और गलती होने पर कार्रवाई आवश्यक है। विधायक ने आम जनता से भी अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि हेलमेट केवल यातायात नियम का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने लोगों से लापरवाही न बरतने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।
Source link
भाजपा विधायक ने बिना हेलमेट बुलेट चलाने पर मांगा चालान:शलभ मणि त्रिपाठी ने लिखा पत्र, कहा- यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया















Leave a Reply