क्रिप्टोकरेंसी में हाई रिटर्न का झांसा:इंदौर के कपड़ा व्यापारी से 1.67 लाख की ठगी, बाणगंगा पुलिस ने दर्ज किया केस




इंदौर के कपड़ा व्यापारी के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी कंपनी का कर्मचारी बताकर व्यापारी से ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करा लिए। मामले में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, योगेंद्र तिवारी की शिकायत पर अंकित जैन नाम के युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। योगेंद्र तिवारी कपड़ा व्यापारी हैं। मार्च 2025 में उनके पास एक मोबाइल नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने अपना नाम अंकित जैन बताते हुए खुद को डीटीबीएक्स एक्सचेंज कंपनी का कर्मचारी बताया। अंकित ने योगेंद्र तिवारी को बताया कि उनकी कंपनी क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कराती है और इसमें हाई रिटर्न मिलता है। उसकी बातों में आकर व्यापारी ने निवेश करना शुरू किया। सबसे पहले 24 मार्च 2025 को 5 हजार रुपए निवेश किए गए। इसके बाद करीब सात ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1 लाख 67 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। आरोपियों ने एक फर्जी अकाउंट और वेबसाइट उपलब्ध कराई, जिसमें निवेश की गई राशि और बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता था। इसी दौरान दो अन्य लोगों ने खुद को डीटीबीएक्स एक्सचेंज कंपनी का कर्मचारी बताते हुए अपना नाम राहुल और आर्यन बताया। उन्होंने कहा कि वे भी कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर हैं। दोनों ने भी व्यापारी से तीन से चार बार निवेश कराया। जब व्यापारी ने कंपनी की वेबसाइट और एप लिंक के जरिए रुपए निकालने की कोशिश की, तब उससे और रकम जमा करने की मांग की गई। अतिरिक्त राशि नहीं देने पर उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद मामले की शिकायत साइबर सेल में की गई। जांच के बाद बाणगंगा पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *