अमरोहा में पुलिस मुठभेड़ में 3 पशु चोर गिरफ्तार:बदमाशों ने कांस्टेबल पर की फायरिंग, दाहिने बाजू को छूती हुई निकली; सिपाही घायल




अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात पुलिस और पशु चोरों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीन अंतर्जनपदीय पशु चोरों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में एक पुलिस कांस्टेबल और एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन भैंसें, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त एक छोटा हाथी वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों में एक शातिर अपराधी भी शामिल है, जिस पर 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। सैदनगली थानाध्यक्ष विकास कुमार अपनी टीम के साथ सकतपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ चोर दो अलग-अलग गांवों से चोरी की गई तीन भैंसों को छोटे हाथी वाहन में लादकर बेचने के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने हुसैनपुर पुलिया, सकतपुर रोड पर नाकेबंदी कर दी। तभी एक संदिग्ध छोटा हाथी वाहन आता दिखा। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। वाहन रुकते ही उसमें सवार बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली कांस्टेबल रोहित कुमार के दाहिने बाजू को छूती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान फूलकुंवर (निवासी उझारी, सैदनगली) के रूप में हुई। उस पर पहले से 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों में लुकमान और दानिश कुरैशी (दोनों निवासी रहरा क्षेत्र) शामिल हैं। दानिश पर भी लगभग 18 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी की तीन भैंसें, एक .315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा और दिल्ली नंबर का छोटा हाथी वाहन बरामद किया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *