![]()
आगर मालवा में रविवार देर रात सड़क हादसे में चार नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नेशनल हाईवे स्थित सुमराखेड़ी जोड़ के पास हुई। प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को गंभीर हालत को देखते हुए उज्जैन रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, सभी नाबालिग एक बाइक पर सवार होकर शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले विनोद पाटिल ने बताया कि वे उज्जैन की ओर से आ रहे थे, तभी सुमराखेड़ी जोड़ के पास सड़क किनारे कुछ लोग मदद मांगते दिखे। उन्होंने बताया कि कार रोकने पर चार नाबालिग घायल अवस्था में सड़क पर पड़े मिले और पास ही एक क्षतिग्रस्त बाइक भी थी। हादसे में घायल हुए नाबालिगों की पहचान रोहित (12), सरिता (15), मयंक (16) और समर (15) के रूप में हुई है। ये सभी ग्राम पालखेड़ी के निवासी बताए गए हैं। परिजनों ने पुष्टि की कि बच्चे नजरपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक संभावना जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
सड़क हादसे में 4 नाबालिग गंभीर घायल:प्राथमिक इलाज के बाद उज्जैन रेफर; एक ही बाइक पर सवार होकर शादी से लौट रहे थे















Leave a Reply