सतना में चाकू मारकर बाइक लूटने वाला गिरफ्तार:150 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पकड़ाया; 2 बाइक बरामद, साथियों की तलाश




सतना की सिविल लाइन थाना पुलिस ने चाकू मारकर एक युवक से बाइक लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। रविवार को गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके दो अन्य फरार साथियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। टीआई योगेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की थी। टीम ने सुराग जुटाने के लिए घटनास्थल और उसके आसपास के 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इन फुटेज के आधार पर ही संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की गई और शनिवार शाम को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। साथियों के साथ मिलकर वारदात को दिया था अंजाम
पुलिस ने रामपुर बाघेलान थाने के टिकुरिया निवासी सनी रावत (23) पिता सरजू प्रसाद को पकड़ा है। पूछताछ के दौरान सनी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लूटपाट करने की बात कबूल कर ली। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अब सनी से मिली जानकारी के आधार पर बाकी दोनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। 4 मई की रात बगहा बाइपास पर हुई थी घटना
यह पूरी वारदात 4 मई की रात को अंजाम दी गई थी। रैगांव थाने के सहपुरा निवासी कमलाकांत रजक (27) बाबूपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बगहा बाइपास पर तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने कमलाकांत पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनकी मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *