![]()
भास्कर न्यूज | जांजगीर देश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के आसमान छूते दामों के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में जांजगीर के स्थानीय पेट्रोल पंप के पास नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामविलास राठौर के संयोजन में विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर बहुत हुई महंगाई की मार, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार के नारे लगाते हुए सड़क पर उतरे। प्रदर्शन में मौजूद क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में अच्छे दिन लाने और बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार जैसे नारों के जरिए जनता से वादे किए गए थे, लेकिन आज वही जनता महंगाई से परेशान होकर सरकार को उसके वादों की याद दिला रही है। विधायक ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रहते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही बढ़ोतरी शुरू हो जाती है, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ता है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का परिणाम बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है। बेरोजगारी बढ़ रही है और आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है। रसोई से लेकर बाजार तक आर्थिक दबाव महसूस किया जा रहा है। इस प्रदर्शन में विधायक ब्यास कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष रामविलास राठौर के साथ गुलजार सिंह, देवेश सिंह, विवेक सिंह सिसोदिया, रफीक सिद्दीकी, भगवान दास गढ़वाल, अजीत सिंह राणा, ऋषिकेश उपाध्याय, शिशिर द्विवेदी, लोकेश राठौर, देव कुमार पांडे, बबला महाराज और अरमान खान प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा परमेश्वर निर्मले, राजा सिद्दीकी, दिनेश महंत, पवन कश्यप, अनिल चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज बनकर वे महंगाई के खिलाफ अपना संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रखेंगे।
Source link
महंगाई व बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस ने किया विरोध-प्रदर्शन















Leave a Reply