सिंध नदी स्टॉप डेम के गेट फिर खोले गए:पानी तेजी से खाली, किसानों में जल संकट की चिंता




शिवपुरी जिले के बदरवास तहसील क्षेत्र में सिंध नदी के सढ़बूढ़ घाट पर बने स्टॉप डेम के कई गेट रविवार रात अज्ञात लोगों द्वारा खोल दिए गए। कुछ गेटों को क्षतिग्रस्त भी किया गया है। गेट खुलने के कारण सिंध नदी का पानी तेजी से मड़ीखेड़ा डैम की ओर बह रहा है, जिससे आसपास के ग्रामीणों और किसानों में जल संकट की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह हरकत क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं द्वारा की गई है। उनका मानना है कि जल स्तर कम करके नदी में अवैध रेत उत्खनन को आसान बनाने के उद्देश्य से गेट खोले गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सढ़बूढ़ घाट लंबे समय से अवैध रेत खनन का केंद्र रहा है। पहले भी इसी तरह स्टॉप डेम के गेट खोलने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले, 24 अप्रैल को भी इसी स्टॉप डेम के चार गेट देर रात खोल दिए गए थे। तब प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग से गेटों को दोबारा बंद करवाया था। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि विभाग ने न तो गेटों की स्थायी मरम्मत कराई और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए, जिसके कारण यह स्थिति दोबारा उत्पन्न हुई। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही सभी गेट बंद नहीं किए गए, तो सिंध नदी के आसपास के कई गांवों में जल स्तर तेजी से गिर जाएगा। बढ़ती गर्मी के साथ कुएं, हैंडपंप और अन्य जल स्रोत सूख सकते हैं, जिससे मवेशियों के लिए भी पानी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल स्टॉप डेम के गेट बंद कराने, क्षतिग्रस्त गेटों की मरम्मत करने और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में बदरवास तहसीलदार सचिन भार्गव ने बताया कि जल संसाधन विभाग (WRD) को गेट बंद कराने के लिए सूचित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अज्ञात लोगों की तलाश कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *