![]()
छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के मुडेरी गांव में आधी रात हथियारबंद चोरों ने एक घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। चोरी की कोशिश नाकाम होने पर बदमाशों ने कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें घर मालिक घायल हो गया। ग्रामीणों की सतर्कता से एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। शोर मचाने पर जागे परिवार के लोग
जानकारी के मुताबिक घटना 17 और 18 मई की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की है। मुडेरी गांव निवासी शिवलखन पाल अपने घर में परिवार के साथ सो रहा था। इसी दौरान दो बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुस आए। घर के भीतर आहट होने पर शिवलखन की नींद खुल गई। उसने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, एक बदमाश के हाथ में कुल्हाड़ी थी, जबकि दूसरा लोहे की रॉडनुमा हथियार लिए हुए था। खुद को घिरता देख दोनों ने हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से शिवलखन पाल के सिर में गंभीर चोट आई, वहीं उसके सीने में भी चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई पर भी दूसरे आरोपी ने हमला कर दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार
घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ जुटती देख दोनों बदमाश भागने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए ताकि वह भाग न सके। हालांकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पकड़े गए आरोपी की पहचान कल्लू नट निवासी घटरा के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी का नाम कामता अहिरवार बताया जा रहा है। लवकुशनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। घायल शिवलखन पाल का उपचार कराया गया।
Source link
घर में घुसे चोरों ने किया हमला, एक दबोचा:लवकुशनगर के मुडेरी गांव में कुल्हाड़ी से हमला, घर मालिक घायल, दूसरा फरार















Leave a Reply