धमतरी में एंबुलेंस में महिला ने बच्चे को दिया जन्म:अस्पताल ले जाते समय प्रसव पीड़ा बढ़ने पर 108 टीम ने कराई डिलीवरी, मां-बच्ची स्वस्थ




छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक गर्भवती महिला ने अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। 108 संजीवनी एक्सप्रेस के कर्मचारियों की सूझबूझ से यह सुरक्षित प्रसव संभव हो पाया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। यह घटना नगरी इलाके में हुई, जहां 29 वर्षीय खिलेश्वरी नेताम को प्रसव पीड़ा होने पर सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया था। महिला को धमतरी ले जाते समय रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के स्टाफ तोयेंद्र वर्मा और कुलदीप सिंह ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने ईआरसीपी डॉक्टर की सहायता और मार्गदर्शन में एंबुलेंस को एक सुरक्षित स्थान पर रोका और महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्राथमिक देखभाल के बाद, मां और नवजात बच्ची को वापस सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, दोनों की हालत सामान्य और स्वस्थ है। इस संबंध में 108 के जिला प्रबंधक दीपक साहू ने बताया कि जिले में संजीवनी एक्सप्रेस की 10 एंबुलेंस संचालित हैं और सभी कर्मचारी प्रशिक्षित हैं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में 108 डायल कर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का लाभ उठाने की अपील की। इस मानवीय कार्य के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस टीम की सराहना की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *