कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले; नर्मदापुरम में नहीं चलेगी यूपी-बिहार स्टाइल्स गुंडागर्दी:कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए, बदमाशों के राजनीतिक संरक्षण का खुलासा करने की मांग की




नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी से 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और सरेआम हवाई फायरिंग का मामला तूल पकड़ रहा है। फायरिंग करने वाले बदमाश अब तक पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। उनकी तलाश के लिए एसपी सांई कृष्णा एस थोटा के निर्देशन में चार टीआई स्तर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल पूरे आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। कांग्रेस नेताओं ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवाकांत पांडे ने पिपरिया की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय और जिला अध्यक्ष पांडे के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सांई कृष्णा एस थोटा से मुलाकात की। इस दौरान पिपरिया में पिछले एक सप्ताह से हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष शिवाकांत पांडे ने कहा कि नर्मदापुरम हमेशा शांतिपूर्ण जिला रहा है, यहां गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यूपी-बिहार स्टाइल में बदमाश खुलेआम वारदात कर रहे हैं। इस मामले में जेल में बंद एक बदमाश का नाम सामने आ रहा है, इसलिए उसकी भूमिका स्पष्ट कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि किसी दल विशेष के लोगों का संरक्षण बदमाशों को मिल रहा है तो उसका भी खुलासा किया जाए। शराबखोरी के अड्डों पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेताओं ने डोकरीखेड़ा, एक अन्य डैम क्षेत्र और पचमढ़ी रोड पर शाम के समय लोगों द्वारा खुलेआम शराब पीने की शिकायत भी एसपी से की। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर मयखाना स्टाइल में शराबखोरी होती है, जिस पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। एसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
एसपी सांई कृष्णा एस थोटा ने कांग्रेस नेताओं को आश्वासन दिया कि बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पिपरिया समेत पूरे नर्मदापुरम जिले को भयमुक्त बनाया जाएगा। फिल्मी स्टाइल में दोबारा पहुंचे बदमाश
15 मई की शाम करीब पौने पांच बजे व्यापारी सचिन जायसवाल के मोबाइल नंबर पर 9893833987 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने जेल में बंद बदमाश रज्जू पुर्विया के नाम पर 5 लाख रुपए की मांग की। करीब 10 मिनट बाद एक युवक दुकान पर पहुंचा और गुलाबी रंग की पर्ची देकर चला गया। पर्ची में रज्जू पुर्विया की तरफ से ‘तोहफा’ लिखा था। आरोपी ने धमकी दी कि रुपए नहीं दिए तो जान से मार देंगे। इसके कुछ देर बाद युवक एक अन्य साथी के साथ दुकान के गेट पर पहुंचा और पिस्टल से फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। दोनों वहां से भाग गए। शिकायत करने गए तो फिर कर दी फायरिंग
व्यापारी सचिन जायसवाल जब पुलिस में शिकायत करने पहुंचे, तभी बदमाश दोबारा फिल्मी स्टाइल में दुकान पर पहुंचे और करीब चार राउंड हवाई फायरिंग कर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे पिपरिया में सनसनी फैल गई। मंगलवारा पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *