मेरी पत्नी बहुत परेशान करती…मन कर रहा फांसी लगा लूं:झांसी में व्यापारी की मौत के बाद वीडियो हुआ वॉयरल, ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप




झांसी के मऊरानीपुर में एक रेडियम व्यापारी गौरव ताम्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनकी मौत से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मौत से पहले व्यापारी ने कहा था- मुझे मेरी पत्नी, कविता देवी, सासु और ससुर (रिटायर्ड टीचर) ये लोग इतना परेशान किए-इताना परेशान किए कि मुझे अपने-आप में ये लगने लगा कि फांसी लगा लूं। मैं एक व्यापारी हूं पूरे क्षेत्र में मेरा नाम है। मेरी पत्नी न समय पे खाना न पानी देती। मैं अपने पत्नी के नाम 10 लाख रुपए का जमीन लिया था जिकि इसी चक्कर में मेरी सासु दिमांग लगाया कि इसे अब बहुत परेशान करो…उस चक्कर में मेरी पत्नी और सासु बहुत परेशान कर रही हैं। हमे 10 दिन हो गया भटकते-भटकते पागल हो गए सो नहीं पा रहे हैं मेरी इस समय आंखें दर्द कर रही हैं। पूरा दिन नहाए नहीं हूं, बहुत परेशान हूं और अब मन कर रहा है कि फांसी लगा लूं। और मेरे मरने की जिम्मेदार मेरी पत्नी और ससुराल वाले होंगे। अब जानिए पूरा मामला… जानकारी के अनुसार, मृतक गौरव (38) पीलिया के इलाज के लिए चंदेरा, मध्य प्रदेश गए थे। घर लौटते समय खदीयन चौराहे के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर गए। आसपास के लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस गौरव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गौरव एक व्यापारी था और ‘राज रेडियम’ के नाम से अपनी दुकान चलाते थे, जो कि मऊरानीपुर बाजार में रेडियम के काम के लिए प्रसिद्ध थी। सात साल पहले हुआ था प्रेम विवाह वायरल वीडियो में गौरव ताम्रकार ने बताया कि मैं एक व्यापारी हूं जोकि मऊरानीपुर बाजार में ‘राज रेडियम’ के नाम से मेरी दुकान प्रसिद्ध है। आगे कहा- करीब सात साल पहले उन्होंने आर्य समाज मंदिर में हरपालपुर निवासी एक युवती से प्रेम विवाह किया था। गौरव ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी पत्नी, सास-ससुर और साला उनके पैसे और संपत्ति के पीछे पड़ गए थे। विरोध करने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और झूठी शिकायतों के माध्यम से परेशान किया जाता था। 35 लाख रुपए की जमीन का बैनामा गौरव ने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि उनसे जबरन उनके पैसों से जलालपुरा मौजा में करीब 35 लाख रुपए की जमीन का बैनामा कराया गया था। अब ससुराल पक्ष उस जमीन को बेचने का दबाव बना रहा था। बड़े भाई ने कोतवाली में दी तहरीर वीडियो वायरल होने के बाद मृतक के भाई सौरभ ताम्रकार ने कोतवाली प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गौरव की मौत कोई सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का नतीजा है। उन्होंने पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। कोतवाल प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया- मृतक के भाई के तरफ से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है, और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *