ई-टोकन के बाद भी नहीं मिल रही खाद:शिवपुरी में भारतीय किसान संघ बोला- जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा आंदोलन




शिवपुरी जिले में गहराते खाद संकट को लेकर भारतीय किसान संघ ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए बताया कि ई-टोकन के माध्यम से स्लॉट बुक होने के बावजूद कई केंद्रों पर किसानों को ‘खाद खत्म है’ कहकर वापस लौटाया जा रहा है। घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे किसान
संघ के अनुसार किसानों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है। किसान संघ का कहना है कि अव्यवस्था के कारण किसानों को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है। खाद उपलब्ध नहीं तो पहले दी जाए जानकारी
भारतीय किसान संघ ने मांग की है कि जिस केंद्र पर खाद उपलब्ध नहीं है, उसकी जानकारी पहले से सार्वजनिक की जाए, ताकि किसानों को भटकना न पड़े। संघ ने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई है। जिला अध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़ ने कहा कि किसान पहले से मौसम और फसल की चिंता से परेशान हैं। ऐसे में खाद के लिए भटकना उनकी मुश्किलें और बढ़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्थाओं में पारदर्शिता की कमी के कारण किसानों को यह परेशानी झेलनी पड़ रही है। आंदोलन की दी चेतावनी
बृजेश सिंह धाकड़ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो भारतीय किसान संघ किसानों के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगा। ज्ञापन सौंपने के बाद कृषि विभाग के अधिकारियों और डीडीए के साथ किसानों की समस्याओं के निराकरण को लेकर चर्चा भी की गई। इस दौरान भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़, जिला सह प्रचार प्रमुख दीपेंद्र पाल और अन्य किसान मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *